शिवहर: किसानों को सिखाई गई आधुनिक खेती की तकनीक, फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ने पर जोर

Published by : Aniket Kumar Updated At : 11 Jun 2026 11:19 AM

विज्ञापन

खेती की तस्वीर

Sheohar News: शिवहर में केवीके और आत्मा की ओर से आयोजित किसान जागरूकता कार्यक्रम में जल संरक्षण, धान की सीधी बुआई, प्राकृतिक खेती और खरीफ फसलों के वैज्ञानिक प्रबंधन की जानकारी दी गई. किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के लिए भी प्रेरित किया गया. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट

Sheohar News: बदलते मौसम और खेती की चुनौतियों के बीच शिवहर जिले के किसानों को वैज्ञानिक खेती, जल संरक्षण और प्राकृतिक कृषि के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया. कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) शिवहर और आत्मा के संयुक्त तत्वावधान में “खेत बचाओ अभियान” के तहत जिले के कई गांवों में किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए. इसमें बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लेकर विशेषज्ञों से खेती के नए तौर-तरीके सीखे.

जल संरक्षण पर दिया गया जोर

डुमरी कटसरी प्रखंड के बहुआरा, पिपराही प्रखंड के डेकुली धरमपुर और शिवहर प्रखंड में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान केवीके के वैज्ञानिक डॉ. सौरभ शंकर पटेल ने किसानों को मौसम की मौजूदा परिस्थितियों से अवगत कराया. उन्होंने बताया कि भारतीय मौसम विभाग ने इस वर्ष सामान्य से कम बारिश की संभावना जताई है. ऐसे में किसानों को जल संरक्षण आधारित तकनीकों को अपनाने की जरूरत है, ताकि फसलों को पानी की कमी से बचाया जा सके.

धान की सीधी बुआई और प्राकृतिक खेती पर चर्चा

कार्यक्रम में किसानों को धान की सीधी बुआई, प्राकृतिक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई. वैज्ञानिकों ने बताया कि कम लागत में बेहतर उत्पादन के लिए प्राकृतिक खेती और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर ध्यान देना जरूरी है.

फसल विविधीकरण और रोग प्रबंधन की सलाह

वैज्ञानिक डॉ. अनुराधा रंजन कुमारी ने खरीफ फसलों के वैज्ञानिक प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने किसानों को धान, मक्का, अरहर, मूंग और उड़द की उन्नत किस्मों के चयन, संतुलित उर्वरक उपयोग और समय पर बुआई की सलाह दी. साथ ही फसल विविधीकरण, दलहनी फसलों को बढ़ावा देने और समेकित कीट प्रबंधन अपनाने पर भी जोर दिया.

फार्मर रजिस्ट्री के लिए किया प्रेरित

कार्यक्रम के अंत में आत्मा के अधिकारियों ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों का पंजीकरण आवश्यक है और सभी किसानों को इसमें शामिल होना चाहिए.

विज्ञापन
Aniket Kumar

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन