शिवहर: सड़क हादसे में अधेड़ की मौत, अनाथ हुआ 6 बच्चों का परिवार

Published by : Aniket Kumar Updated At : 10 Jun 2026 1:11 PM

विज्ञापन

शव का प्रतीकात्मक फोटो

Sheohar News: शिवहर के तरियानी में टेम्पू पलटने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल पर एम्बुलेंस और समय पर इलाज नहीं देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. मृतक अपने पीछे छह बच्चों को छोड़ गया है. पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट

Sheohar News: तरियानी थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. छतौनी पंचायत के विशहर स्थान के पास टेम्पू पलटने से 45 वर्षीय मौजे पासवान की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और समय पर एम्बुलेंस व बेहतर इलाज नहीं मिलने को मौत की वजह बताया.

मोड़ पर पलटा टेम्पू, गंभीर रूप से घायल हुए यात्री

जानकारी के अनुसार, वृंदावन साहू टोली निवासी मौजे पासवान टेम्पू से सफर कर रहे थे. इसी दौरान विशहर स्थान के समीप एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा. टेम्पू सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया, जिससे मौजे पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल तरियानी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

इलाज में लापरवाही का आरोप

मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का आरोप था कि अस्पताल में समय पर एम्बुलेंस की व्यवस्था नहीं की गई और न ही बेहतर इलाज के लिए तुरंत रेफर किया गया. उनका कहना था कि अगर समय रहते उचित चिकित्सा सुविधा मिल जाती, तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी. इसी को लेकर अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा.

छह बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मौजे पासवान अपने पीछे एक बेटा और पांच बेटियों को छोड़ गए हैं. परिवार के लिए यह दुख इसलिए और बड़ा है क्योंकि करीब एक साल पहले ही बच्चों की मां का भी निधन हो चुका था. अब छह मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ चुका है.

पुलिस ने शुरू की जांच

तरियानी थानाध्यक्ष विनय प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए शिवहर भेज दिया गया. मामले की जांच की जा रही है.

विज्ञापन
Aniket Kumar

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन