जमीन विवाद में छोटे भाई की हत्या, बड़े भाई समेत चार आरोपी गिरफ्तार

घटना की जानकारी देते डीएसपी रनवीर सिंह | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा के बोलबा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी. पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
सिमडेगा: बोलबा थाना क्षेत्र के पालेमुंडा कुम्हारटोली गांव में जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच चल रही आपसी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई. घटना में छोटे भाई भुनेश्वर महतो (58) की चाकू और तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई.
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि बड़े भाई बसंत महतो (58) ने अपने बेटों के साथ मिलकर अपने छोटे भाई भुनेश्वर महतो पर चाकू एवं तलवार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. मृतक के पुत्र परशुराम महतो के लिखित आवेदन के आधार पर बोलबा थाना कांड संख्या 17/26, दिनांक 25 जुलाई 2026, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत नौ लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है. नामजद आरोपियों में राजपति महतो, श्याम महतो, लालजी महतो, बसंत महतो, पारो देवी, कमला देवी, राधा देवी, शुक्रमणि देवी और सलोनी देवी शामिल हैं। सभी आरोपी पालेमुंडा कुम्हारटोली, थाना बोलबा के निवासी हैं.
पुलिस अधीक्षक सिमडेगा के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बसंत महतो तथा उसके तीन पुत्रों राजपति महतो, श्याम महतो और लालजी महतो को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार चारों आरोपियों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










