समयबद्ध तरीके से योजनाएं पूरी करें विभाग : आयुक्त

Updated:
विज्ञापन
समयबद्ध तरीके से योजनाएं पूरी करें विभाग : आयुक्त

सिमडेगा में प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार ने समीक्षा बैठक कर सभी लंबित विकास योजनाओं और राजस्व संग्रहण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया है.

विज्ञापन

सिमडेगा. दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार की अध्यक्षता में परिसदन भवन सिमडेगा के सभागार में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में जिले के राजस्व संग्रहण और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी. आयुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लंबित योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. बैठक की शुरुआत राजस्व, उत्पाद, खनन, परिवहन, भू-अर्जन समेत अन्य विभागों के राजस्व संग्रहण की समीक्षा से हुई. आयुक्त ने अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिये. राष्ट्रीय उच्च पथ 320जी (कोलेबिरा-बानो-मनोहरपुर) सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण की समीक्षा करते हुए उन्होंने मुआवजा वितरण प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा. अधिकारियों ने बताया कि अब तक 50 प्रतिशत से अधिक प्रभावित लोगों को मुआवजा दिया जा चुका है, जबकि दो मौजा में प्रक्रिया जारी है. आयुक्त ने टाना भगत समुदाय के कल्याण से जुड़ी योजनाओं, बच्चों की शिक्षा और छात्रवृत्ति की स्थिति की भी जानकारी ली.

ग्रामीण सड़क योजनाओं की समीक्षा के दौरान लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया. वन स्वीकृति (फॉरेस्ट क्लीयरेंस) के कारण रुकी योजनाओं में अब तेजी आने की जानकारी दी गयी. सड़क निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान कुरडेग-सिमडेगा सड़क परियोजना को प्राथमिकता दी गयी. उपायुक्त कंचन सिंह ने बताया कि इस परियोजना को आगामी रामरेखा धाम मेला से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने जानकारी दी कि जिले में नल-जल योजना का 93.93 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है. विभाग ने वर्ष 2028 तक हर घर नल से जल उपलब्ध कराने का लक्ष्य हासिल करने की प्रतिबद्धता जतायी. स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में किशोरियों के लिए सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण की स्थिति पर चर्चा हुई. सिविल सर्जन ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश के अनुसार फिलहाल टीकाकरण कार्यक्रम स्थगित है. विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा में उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सिमडेगा राज्य में दूसरे स्थान पर है और 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है. शेष डिजिटाइजेशन का कार्य एक-दो दिनों में पूरा कर लिया जायेगा. बैठक में केलाघाट डैम में झींगा मछली पालन की सफलता की भी चर्चा हुई. अधिकारियों ने बताया कि यहां झींगों का वजन 250 से 300 ग्राम तक पहुंच गया है. बैठक में उपायुक्त कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटर, उपविकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, परियोजना निदेशक आइटीडीए सरोज तिर्की, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola