सिमडेगा में नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

सिम 28 | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा में नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। जानें पूरी खबर।
सिमडेगा: नीट पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को शहरी क्षेत्र में छात्र-छात्राओं ने विरोध रैली निकालकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई.
रैली की शुरुआत शहर के वीर बुधु भगत चौक से हुई. इसके बाद छात्र-छात्राएं सामटोली रोड, झूलन सिंह चौक, मुख्य मार्ग, महावीर चौक, अपर बाजार, नीचे बाजार और पेट्रोल पंप होते हुए पुनः महावीर चौक पहुंचे.
रैली के दौरान प्रदर्शनकारी अपने हाथों में तख्तियां और पोस्टर लेकर चल रहे थे. उन्होंने 'नीट पेपर लीक नहीं चलेगा', 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो', 'दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करो' और 'शिक्षा व्यवस्था बचाओ' जैसे नारे लगाए.
प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना था कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक की घटना से लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. रैली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और पूरे कार्यक्रम के दौरान शहर में पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










