NEET विवाद की गूंज शिवहर तक, सड़क पर उतरे छात्र, SP खुद पहुंचे मोर्चा संभालने

Updated:
विज्ञापन
माइकिंग के माध्यम से आक्रोशित छात्रों को समझाते एसडीपीओ अनुशील कुमार, एसडीएम डॉ अनंत कुमार | Prabhat Khabar Network

आक्रोशित छात्रों को समझाते एसडीपीओ अनुशील कुमार, एसडीएम डॉ अनंत कुमार

NEET पेपर लीक के विरोध की गूंज शिवहर तक पहुंच गई है. छात्रों ने जीरोमाइल चौक पर प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने खुद मोर्चा संभाला.

विज्ञापन

Sheohar News: NEET पेपर लीक के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन की गूंज शुक्रवार को शिवहर भी पहुंच गई. शहर के जीरोमाइल चौक पर बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की.

प्रदर्शन के दौरान मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी.

पुलिस ने संभाला मोर्चा

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह स्वयं सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस बल की निगरानी की.

मौके पर एसडीएम डॉ. अनंत कुमार, एसडीपीओ अनुशील कुमार, यातायात डीएसपी भाई भरत कुमार, साइबर डीएसपी इशानी सिन्हा, नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहे.

पुलिस के अनुसार, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया गया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कार्रवाई की गई.

प्रदर्शनकारियों ने लगाए नारे

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने "लोकतंत्र बचाओ" और "तानाशाही नहीं चलेगी" जैसे नारे लगाए.

प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने मांग की कि छात्रों पर हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच हो और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.

संभावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर पहले ही हुई थी ब्रीफिंग

इसी बीच संभावित विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए शुक्रवार को एसपी शैलेंद्र सिंह ने जिले के संवेदनशील स्थानों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की ब्रीफिंग भी की.

उन्होंने सभी अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संयम और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से विधिसम्मत तरीके से निपटने के निर्देश दिए.

अफवाहों पर नजर रखने का निर्देश

एसपी ने पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने, अफवाहों पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

फिलहाल जिले में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और प्रमुख स्थानों पर पुलिस की निगरानी जारी है.


विज्ञापन
मनीष नंदन सिंह

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन