शिवहर के जवाहर नवोदय विद्यालय का डीएम प्रतिभा रानी ने किया निरीक्षण, विकास कार्यों का दिया भरोसा

जेएनवी की बैठक में डीएम प्रतिभा रानी एवं अन्य
शिवहर के जवाहर नवोदय विद्यालय का जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने निरीक्षण किया. इस दौरान विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई और जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया. नवोदय प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन लक्ष्य भी बढ़ाया गया.
Sheohar News: जिले के बिसाही स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय का शुक्रवार को जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने दौरा किया. इस दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति (वीएमसी) की बैठक आयोजित हुई, जिसमें स्कूल के विकास से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा की गई.
डीएम ने कहा कि विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा.
स्कूल प्रबंधन ने रखीं कई महत्वपूर्ण मांगें
बैठक में विद्यालय प्रबंधन की ओर से खेल मैदान और गहरे स्थानों में मिट्टी भराई, पेवर ब्लॉक बिछाने, नए क्लासरूम निर्माण, 25 केवी जनरेटर, शहरी फीडर से बिजली आपूर्ति, कन्या छात्रावास की चारदीवारी, जर्जर सड़क का निर्माण, नियमित फॉगिंग, चापाकल, नल-जल कनेक्शन, वाटर कूलर, पुस्तकालय, स्टाफ रूम और स्मार्ट क्लासरूम में एसी सहित कई मांगें रखी गईं.
इसके अलावा विद्यालय में डॉक्टर के नियमित भ्रमण की भी मांग की गई.
डीएम ने कई कार्यों के लिए दिए निर्देश
डीएम प्रतिभा रानी ने संबंधित विभागों को विद्यालय में चापाकल लगाने, शहरी फीडर से बिजली आपूर्ति बहाल करने और आंतरिक सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए.
उन्होंने क्लासरूम निर्माण और खेल मैदान के विकास का भी भरोसा दिलाया.
नवोदय प्रवेश के लिए बढ़ाया लक्ष्य
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा प्रसाद यादव को निर्देश दिया गया कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए जिले के प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय से 10-10 आवेदन पत्र भरवाए जाएं.
डीईओ ने बताया कि इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई है और 31 जुलाई तक 3,000 आवेदन भरने का लक्ष्य रखा गया है. इस पर डीएम ने निर्धारित लक्ष्य से 10 प्रतिशत अधिक आवेदन भरवाने का निर्देश भी दिया.
बच्चों ने किया स्वागत, उत्कृष्ट छात्रावास हुए सम्मानित
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत और तिलक से हुई. विद्यालय के प्राचार्य विजय कुमार ने डीएम का स्वागत किया, जबकि अनीता सिंह और प्रियंका पांडे ने उन्हें शॉल और पाग पहनाकर सम्मानित किया.
कार्यक्रम में विद्यालय की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण अमित वाजपेयी और प्रियंका पांडे ने किया.
मेस का भोजन चखा, की सराहना
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्यालय के मेस का भी दौरा किया और छात्रों के साथ भोजन किया. उन्होंने कहा कि विद्यालय में परोसा जा रहा भोजन उत्कृष्ट श्रेणी का है.
अंत में साफ-सफाई प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिवालिक जूनियर छात्र सदन और सीनियर कन्या छात्रावास को शील्ड देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में जिला शिक्षा एवं प्रशासन के अधिकारियों, विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों की मौजूदगी रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मनीष नंदन सिंह
मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










