रोहतास के पांच राजकीय डिग्री कॉलेजों में 60 संविदा सहायक प्राध्यापकों की तैनाती, सोमवार से योगदान शुरू
फोटो कैप्शन 5 : राजकीय डिग्री कॉलेज आलमपुर. | Prabhat Khabar Network
रोहतास जिले के पांच राजकीय डिग्री कॉलेजों में 60 संविदा सहायक प्राध्यापकों की तैनाती की गई है। शिक्षकों ने कॉलेजों में अपना योगदान देना शुरू कर दिया है।
Rohtas News : रोहतास जिले के पांच राजकीय डिग्री कॉलेजों में विभिन्न विषयों के 60 संविदा आधारित सहायक प्राध्यापकों की तैनाती की गयी है. राज्यपाल सचिवालय, बिहार के निर्देश पर वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा ने नये डिग्री कॉलेजों के लिए चयनित शिक्षकों की कॉलेजवार और विषयवार पदस्थापन सूची जारी की है. विश्वविद्यालय ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को अपने पदस्थापित कॉलेज में तत्काल योगदान करने का निर्देश दिया है.
पांच कॉलेजों में छह विषयों के शिक्षकों की तैनाती
जिले के राजकीय डिग्री कॉलेज रोहतास, शिवसागर, संझौली, सूर्यपुरा और काराकाट में समाजशास्त्र, हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, इतिहास और राजनीति विज्ञान विषय के शिक्षकों का आवंटन किया गया है. प्रत्येक कॉलेज में इन छह विषयों के दो-दो सहायक प्राध्यापक तैनात किये गये हैं. इस तरह एक कॉलेज में 12 और पांचों कॉलेजों में कुल 60 संविदा शिक्षकों की पदस्थापना हुई है.
सोमवार से शिक्षकों ने देना शुरू किया योगदान
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूची के अनुसार चयनित सहायक प्राध्यापकों ने सोमवार से अपने-अपने पदस्थापित कॉलेजों में योगदान देना शुरू कर दिया है. शिक्षकों की तैनाती से नये डिग्री कॉलेजों में नियमित कक्षाएं संचालित होने और विद्यार्थियों को संबंधित विषयों की पढ़ाई का लाभ मिलने की उम्मीद है.
तीन अगस्त की बैठक में लिया गया था निर्णय
राज्यपाल सचिवालय के अपर सचिव संजय कुमार की ओर से जारी पत्र के अनुसार तीन अगस्त को हुई बैठक में लिये गये निर्णय के आधार पर नये डिग्री कॉलेजों में संविदा शिक्षकों का विषयवार आवंटन किया गया है. इसका उद्देश्य कॉलेजों में प्रमुख विषयों के शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, ताकि शैक्षणिक कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके.
योगदान नहीं करने पर बदला जा सकेगा शिक्षक
सचिवालय ने स्पष्ट किया है कि आवंटित शिक्षक के योगदान नहीं करने की स्थिति में विश्वविद्यालय उपलब्धता के आधार पर उसी विषय के दूसरे शिक्षक को संबंधित कॉलेज में भेज सकता है. वहीं, किसी कॉलेज में किसी विषय के शिक्षक की कमी होने पर सूची में शामिल संबंधित विषय के शिक्षक का पुन: आवंटन भी किया जा सकता है.
विश्वविद्यालय को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए इसकी सूचना राज्यपाल सचिवालय को देने का निर्देश दिया गया है. शिक्षकों की तैनाती से जिले के नये डिग्री कॉलेजों में लंबे समय से महसूस की जा रही शिक्षकों की कमी दूर होने और छात्रों की पढ़ाई नियमित रूप से संचालित होने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










