ईओ विमल कुमार हत्याकांड : रोहतास जदयू प्रवक्ता बैरिस्टर सिंह बोले - विधायक पर बिना सबूत आरोप लगाना सही नहीं
बैरिस्टर सिंह, वरीय अधिवक्ता सह जदयू के जिला प्रवक्ता | Prabhat Khabar Network
डेहरी-डालमियानगर के ईओ विमल कुमार की हत्या के मामले में पुलिस की जांच पर सवाल उठ रहे हैं. जदयू प्रवक्ता बैरिस्टर सिंह ने निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच की मांग की है, साथ ही विधायक पर लगे आरोपों को निराधार बताया है.
EO Vimal Kumar Murder : डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार हत्याकांड को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. एक ओर पुलिस जांच पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हत्या के कारणों और ड्राइवर के अलावा अन्य लोगों की कथित संलिप्तता को लेकर अब तक कोई ठोस प्रमाण सार्वजनिक नहीं हुआ है.
प्रत्येक तथ्य-साक्ष्य की जांच आवश्यक
इस संबंध में डेहरी के वरीय अधिवक्ता सह जदयू के जिला प्रवक्ता बैरिस्टर सिंह ने कहा कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर निष्पक्षता और वैज्ञानिक तरीके से होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि मृतक की पत्नी और परिजनों द्वारा लगाए गये आरोपों तथा उनके बयानों को जांच का आधार बनाया जाना चाहिए. पुलिस द्वारा ड्राइवर के अपराध स्वीकार करने की बात सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं.
उन्होंने कहा कि पुलिस हिरासत में दिये गये कथित स्वीकारोक्ति बयान को अंतिम सत्य नहीं माना जा सकता. घटना से जुड़े प्रत्येक तथ्य और साक्ष्य की न्यायिक कसौटी पर जांच आवश्यक है.
बिना प्रमाण किसी को आरोपी बनाना उचित नहीं
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि बिना प्रमाण किसी व्यक्ति को आरोपी बनाना उचित नहीं है. सोशल मीडिया पर तथ्यहीन आरोप लगाने से निर्दोष व्यक्ति की प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है. उन्होंने राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से बचने की अपील की.
विधायक पर लगाए जा रहे आरोपों पर उन्होंने कहा कि जब परिजनों ने ऐसा आरोप नहीं लगाया है, तो बिना प्रमाण किसी को आरोपी बनाना उचित नहीं है. विधायक स्वयं सीबीआई जांच की मांग कर चुके हैं.
उन्होंने कहा कि आवश्यकता महसूस होने पर जांच एजेंसी ड्राइवर का नार्को टेस्ट कराने पर भी विचार कर सकती है. इससे जांच को वैज्ञानिक दिशा मिल सकती है. उन्होंने लोगों से जांच एजेंसी पर भरोसा रखने और जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की अपील की.
यह भी पढ़िए : EO विमल कुमार की हत्या कैसे हुई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या है, पत्नी और ड्राइवर ने क्या कहा; सबकुछ पढ़िए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










