रोहतास: पांच महीने का वेतन नहीं मिला तो पांचवें दिन भी धरने पर बैठे निजी सुरक्षा कर्मी, सिविल सर्जन पर गंभीर आरोप

Updated:
विज्ञापन

फोटो-सदर अस्पताल के सीएस कार्यालय के समक्ष धरना देते निजी सुरक्षा कर्मी | Prabhat Khabar Network

बिहार के सासाराम में निजी सुरक्षा कर्मियों का पांच माह के लंबित वेतन के लिए पांचवें दिन भी धरना जारी, सीएस पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

विज्ञापन

Rohtas News : पांच माह से लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर बिहार राज्य निजी सुरक्षा कर्मचारी यूनियन की रोहतास इकाई का अनिश्चितकालीन धरना पांचवें दिन भी जारी रहा. निजी सुरक्षा कर्मियों ने सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष धरना देकर लंबित वेतन का भुगतान कराने और बिना भुगतान काम से हटाये गये कर्मियों को लेकर कार्रवाई की मांग की. धरने की अध्यक्षता यूनियन के महामंत्री प्रेम शंकर दुबे ने की.

पांच महीने से वेतन लंबित, भुखमरी की स्थिति का आरोप

धरने को संबोधित करते हुए जिला मंत्री ने कहा कि प्रथम नियुक्ता और एलिट फाल्कन कंपनी के माध्यम से निजी सुरक्षा कर्मियों से काम कराया गया, लेकिन पांच महीने का वेतन अब तक लंबित है. वेतन नहीं मिलने के कारण सुरक्षा कर्मियों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि लंबित भुगतान किये बिना ही कई सुरक्षा कर्मियों को काम से हटा दिया गया.

‘पांच दिन से धरने पर बैठे हैं, सुनवाई नहीं’

यूनियन के अध्यक्ष सुनील पांडेय ने आरोप लगाया कि निजी सुरक्षा कर्मी पिछले पांच दिनों से सिविल सर्जन कार्यालय के सामने धरना दे रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है. उन्होंने सिविल सर्जन और संबंधित कंपनी के बीच मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की.

बहाली के नाम पर 25 हजार रुपये मांगने का आरोप

महेन्द्र राम ने आरोप लगाया कि सिविल सर्जन की कथित मिलीभगत से जिले के युवाओं से सुरक्षा कर्मी के पद पर बहाली के नाम पर 25 हजार रुपये लिये जा रहे हैं. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. यूनियन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की.

धरने में भुआल दुबे, गीता देवी, सिम्पल देवी, कामेश्वर सिंह, राजाराम शर्मा, वीरेंद्र सिंह, राजहंस बिंद समेत कई निजी सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे.


विज्ञापन
जितेंद्र कुमार पासवान

लेखक के बारे में

By जितेंद्र कुमार पासवान

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन