रोहतास मजदूर हत्याकांड में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग तेज, खेत मजदूर किसान सभा ने स्पीडी ट्रायल की उठायी मांग
AI से बनाई गई तस्वीर
सासाराम में चंदेश्वर चौधरी की हत्या के विरोध में खेत मजदूर किसान सभा ने प्रदर्शन किया। आरोपितों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग की गई है।
Rohtas News : ऑल इंडिया खेत मजदूर किसान सभा ने जोगिया गांव में मजदूर चंदेश्वर चौधरी की हत्या के मामले में आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और मुकदमे का स्पीडी ट्रायल कराने की मांग की है. संगठन के अध्यक्ष उदय चौधरी ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा कि पांच अगस्त को बकाया मजदूरी मांगने के दौरान चंदेश्वर चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. इसके बाद शव को कथित रूप से करीब पांच किलोमीटर दूर नहर में फेंकने का आरोप है.
‘हत्या और साक्ष्य छिपाने वालों की हो गिरफ्तारी’
उदय चौधरी ने कहा कि हत्या और साक्ष्य छिपाने की घटना में शामिल सभी आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार किया जाये और मामले की सुनवाई स्पीडी ट्रायल के माध्यम से करायी जाये. उन्होंने पुलिस पर स्थानीय ग्रामीणों को परेशान करने और लगातार छापेमारी करने का आरोप लगाते हुए ऐसी कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की.
175 एकड़ सीलिंग जमीन पर कब्जे का उठाया मुद्दा
संगठन ने क्षेत्र में करीब 175 एकड़ सीलिंग-सरप्लस जमीन पर कथित सामंती कब्जे का मुद्दा भी उठाया. उदय चौधरी ने कहा कि सरकारी पर्चा मिलने के बावजूद भूमिहीन परिवारों को जमीन पर वास्तविक कब्जा नहीं मिल सका है. उन्होंने पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाने और अवैध कब्जा हटाने की मांग की.
पीड़ित परिवार को 50 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग
संगठन के सचिव अशोक बैठा ने विज्ञप्ति जारी कर पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा, सुरक्षा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की. उन्होंने भूमिहीन मजदूरों और ग्रामीणों पर दर्ज कथित झूठे मुकदमों को वापस लेने की भी मांग की.
अशोक बैठा ने पुलिस-प्रशासन की भूमिका की जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो खेत मजदूरों और लोकतांत्रिक ताकतों को एकजुट कर राज्यव्यापी आंदोलन किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









