रोहतास में मजदूर हत्याकांड के बाद मचा था बवाल, आगजनी से दहले दो गांव; 13 दिन बाद लौटी शांति, अब भी पुलिस का पहरा

Updated:
विज्ञापन

सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी | Prabhat Khabar Network

योगियां गांव हत्याकांड के 13 दिन बाद क्षेत्र में शांति बहाल। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए और लगातार निगरानी रखी जा रही है।

विज्ञापन

Rohtas Murder Case : योगिया गांव में हुई हत्या के 13 दिन बाद अब क्षेत्र में धीरे-धीरे शांति व्यवस्था कायम हो गयी है. हालांकि, किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन अभी भी पूरी तरह अलर्ट है. मृतक के गांव मिल्की मनिहारी और आरोपी अजीत तिवारी के गांव योगिया में पुलिस बल कैंप कर रहा है. दोनों गांवों और आसपास के इलाकों में लगातार पुलिस गश्त की जा रही है.

हत्या के बाद भड़की थी हिंसा, घर में हुई थी आगजनी

बताया जाता है कि पांच अगस्त को मिल्की मनिहारी निवासी चंदेश्वर चौधरी की योगिया गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. आरोप है कि अजीत तिवारी ने गोली मारने के बाद शव को सफारी गाड़ी में लेकर भाग गया और नहर में फेंक दिया. घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ और आगजनी की थी. इसके बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी थी.

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी थी. प्रशासन की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश भी लागू किया गया था. पुलिस की लगातार सक्रियता के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई.

राजनीतिक बयानबाजी से भी बढ़ा था तनाव

हत्या की घटना के बाद दोनों गांवों में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गयी थीं. दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप और वार-पलटवार का दौर शुरू हो गया था. स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी. पुलिस बल की तैनाती के साथ जगह-जगह बैरिकेडिंग की गयी और वाहनों की जांच भी शुरू की गयी, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.

दोनों गांवों में पुलिस की तैनाती जारी

दिनारा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि पुलिस लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही है. मृतक और आरोपी के गांव में पुलिस बल की तैनाती की गयी है. वरीय अधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है.

एसडीएम बोले- फिलहाल पूरी तरह शांत है क्षेत्र

एसडीएम दिलीप कुमार ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है. कहीं से किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति की सूचना नहीं है. गांव और आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से लगातार भ्रमण किया जा रहा है. प्रशासन की नजर स्थिति पर बनी हुई है और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं.

Also Read : 16 की उम्र में Boxing Ring की Queen बनी रोहतास की खुशी, Gold जीतकर अब National की तैयारी



विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन