नहीं रहे वरिष्ठ रंगकर्मी शमीम अहमद, 40 साल के रंगमंचीय सफर पर लगा विराम; रोहतास कला जगत में शोक की लहर
फोटो कैप्शन 3 : वरिष्ठ रंगकर्मी शमीम अहमद की फाइल फोटो. | Prabhat Khabar Network
सासाराम के वरिष्ठ रंगकर्मी और नाट्य संस्था अपराजेय निराला के अध्यक्ष शमीम अहमद का निधन हो गया। उनके निधन से कला और रंगमंच जगत में शोक की लहर है।
Rohtas News : चर्चित नाट्य संस्था अपराजेय निराला, सासाराम के अध्यक्ष और वरिष्ठ रंगकर्मी शमीम अहमद का मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही स्थानीय कला और रंगमंच जगत में शोक की लहर दौड़ गयी. कला कर्मियों ने आपात बैठक आयोजित कर दिवंगत रंगकर्मी को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति और शोक-संतप्त परिवार को साहस व धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की गयी.
40 वर्षों तक रंगमंच को दी अपनी जिंदगी
बैठक में कला कर्मियों ने बताया कि शमीम अहमद करीब चार दशक से रंगमंच से जुड़े हुए थे. रंगकर्म के प्रति उनका समर्पण उन्हें अलग पहचान दिलाता था. वे अभिनय के साथ-साथ व्यवहार कुशल और नेक इंसान के रूप में भी जाने जाते थे. उनके निधन को सासाराम के रंगमंच और कला जगत के लिए बड़ी क्षति बताया गया.
कई चर्चित नाटकों में निभायी यादगार भूमिकाएं
शमीम अहमद ने अपने लंबे रंगमंचीय सफर में कई चर्चित नाटकों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभायीं. ‘सुंदर सपना’, ‘महाभोज’, ‘कहानी अभी खत्म नहीं हुई’, ‘पोस्टर’ और ‘मुरारी’ जैसे नाटकों में उनके अभिनय को लंबे समय तक याद किया जाएगा. रंगमंच के मंच पर उनकी अभिनय शैली और संवाद अदायगी ने दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई.
फिल्मों में भी दिखाया अभिनय का हुनर
रंगमंच के साथ शमीम अहमद ने फिल्मों में भी अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन किया. उन्होंने ‘चरवाहा बाबू’, ‘गंगा ज्वाला’, ‘ओजोन’, ‘ग्रीन हाउस’ और ‘प्लस-माइनस’ जैसी फिल्मों में भूमिकाएं निभायीं. कला कर्मियों ने कहा कि रंगमंच से लेकर फिल्मों तक उन्होंने अपनी प्रतिभा से पहचान बनायी और स्थानीय कलाकारों के लिए प्रेरणा बने.
कला जगत ने बताया अपूरणीय क्षति
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद कला कर्मियों ने कहा कि शमीम अहमद का निधन केवल एक कलाकार का जाना नहीं, बल्कि सासाराम के रंगमंच की एक महत्वपूर्ण कड़ी का टूटना है. उनके करीब चार दशक लंबे रंगकर्म और योगदान को हमेशा याद किया जाएगा.
शोकसभा में वरिष्ठ रंगकर्मी विद्याशंकर, डॉ मनन, संतोष त्रिपाठी, धर्मेंद्र, आलोक, वंदना, परमानंद तिवारी, नन्हें बाबा, शैलेश, महेंद्र प्रताप, अर्जुन कुमार, कृपाशंकर, एसएन आजाद, रामेश्वर उपाध्याय, अरुण कुमार उपाध्याय और विनय सहित अन्य कला कर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









