रोहतास में जन सहयोग शिविर में उमड़ा समस्याओं का सैलाब, ग्रामीणों ने सौंपे 100 आवेदन; आवास से लेकर सड़क-पेंशन तक की शिकायत

Updated:
विज्ञापन

फोटो कैप्शनजन सहयोग शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते नगर परिषद सभापति उप सभापति   और अधिकारी गण  | Prabhat Khabar Network

रोहतास के नोखा में आयोजित जन सहयोग शिविर में ग्रामीणों ने आवास, राशन और सड़क जैसी समस्याओं को लेकर 100 आवेदन सौंपे। अधिकारियों ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन।

विज्ञापन

Rohtas News : रोहतास जिले के नोखा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 23 स्थित प्राथमिक विद्यालय लालगंज परिसर में मंगलवार को आयोजित जन सहयोग शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे लोगों ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने करीब 100 मामले रखे. शिविर में सबसे अधिक शिकायतें आवास योजना, राशन कार्ड, सड़क, पेंशन, कृषि, साफ-सफाई और नली-गली से जुड़ी रहीं.

आवास, राशन कार्ड और पेंशन की समस्याएं सबसे ज्यादा

शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं. लोगों ने जर्जर सड़कों की मरम्मत, नली-गली की व्यवस्था दुरुस्त करने, नियमित साफ-सफाई कराने और आवास व पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की. ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे.

100 आवेदन मिले, 30 दिनों में समाधान का लक्ष्य

नगर परिषद के सिटी मैनेजर प्रवीण कुमार ओझा ने बताया कि जन सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को उनके क्षेत्र में ही सुनना और संबंधित विभाग के माध्यम से उनका समाधान कराना है. शिविर में करीब 100 आवेदन प्राप्त हुए हैं. सभी आवेदनों को दर्ज कर उनकी जांच करायी जायेगी और प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान किया जायेगा. उन्होंने बताया कि अधिकतम 30 दिनों के अंदर समस्याओं के समाधान का लक्ष्य रखा गया है.

सभापति ने कहा- मूलभूत सुविधाओं पर लगातार काम

नगर परिषद सभापति राधेश्याम सिंह ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने ग्रामीणों से जन सहयोग शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की. साथ ही नगर क्षेत्र को स्वच्छ रखने में नगर परिषद का सहयोग करने की बात कही.

कार्यक्रम की अध्यक्षता सभापति राधेश्याम सिंह ने की, जबकि संचालन नगर परिषद के ब्रांड एंबेसडर राजेंद्र सिंह ने किया. मौके पर उपसभापति धनजी सिंह, टाउन प्लानर विनय चंद्रनाथ चौधरी, स्वच्छता पदाधिकारी नेहा प्रसाद, जेई अमित कुमार, अंकुर गगन, प्रधान लिपिक संजय कुमार, टैक्स दारोगा सतनारायण प्रसाद सहित अन्य कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन