सासाराम के 18 कस्तूरबा विद्यालयों में जांच, छात्राओं से सीधे पूछा- पढ़ाई, भोजन और सुरक्षा में कोई परेशानी तो नहीं?

Updated:
विज्ञापन

फोटो कैप्शन: रूम के निरीक्षण के दौरान वार्डन से जानकारी प्राप्त करती एसडीएम नेहा कुमारी | Prabhat Khabar Network

सासाराम में डीएम और एसडीएम ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का निरीक्षण किया। छात्राओं की सुविधाओं और पठन-पाठन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा।

विज्ञापन

रोहतास जिले में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में रह रहीं छात्राओं को मिल रही शैक्षणिक, आवासीय और मूलभूत सुविधाओं की हकीकत जानने के लिए व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया. जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने नोखा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया. वहीं, जिले के 18 कस्तूरबा विद्यालयों में अलग-अलग निरीक्षण दलों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

डीएम और एसपी ने छात्राओं से सीधे जानी समस्याएं

नोखा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में डीएम और एसपी ने छात्राओं से सीधे संवाद किया. अधिकारियों ने पठन-पाठन, छात्रावास, भोजन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली. छात्राओं से यह भी पूछा गया कि विद्यालय में उन्हें किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है.

सुरक्षित और बेहतर माहौल देने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन को छात्राओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और पढ़ाई के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. डीएम ने कहा कि कस्तूरबा विद्यालयों में रहने वाली छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. छात्राओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया.

18 कस्तूरबा विद्यालयों में पहुंची निरीक्षण टीमें

डीएम के निर्देश पर गठित अलग-अलग टीमों ने जिले के 18 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर विद्यालय संचालन और उपलब्ध सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानी. निरीक्षण के दौरान भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी जांच की गयी.

भोजन से लेकर सीसीटीवी और आइसीटी लैब तक की जांच

निरीक्षण दलों ने भोजन एवं खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, किचन की साफ-सफाई, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया. इसके साथ ही समूह बीमा, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा आइसीटी लैब के अधिष्ठापन और उपयोग की भी जांच की गयी. अधिकारियों ने कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

एसडीएम नेहा कुमारी ने सेमरा विद्यालय का लिया जायजा

सासाराम अनुमंडल की एसडीएम नेहा कुमारी ने सेमरा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया. उन्होंने वार्डन निहारिका कुमारी से छात्रावास संचालन, छात्राओं की उपस्थिति, पढ़ाई, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली. एसडीएम ने छात्राओं से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं और पढ़ाई से जुड़ी स्थिति जानी.

फोटो कैप्शन : सासाराम के सेमरा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में निरीक्षण के दौरान छात्राओं से जानकारी लेती एसडीम नेहा कुमारी. | Prabhat Khabar Network
फोटो कैप्शन : सासाराम के सेमरा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में निरीक्षण के दौरान छात्राओं से जानकारी लेती एसडीम नेहा कुमारी. | Prabhat Khabar Network

वार्डन और कर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश

एसडीएम ने विद्यालय से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी लेखपाल रवि कुमार सिंह समेत अन्य कर्मियों से भी ली. उन्होंने छात्राओं को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान विद्यालय की वार्डन निहारिका कुमारी सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे.

चेनारी से नौहट्टा तक विद्यालयों की हुई जांच

चेनारी, शिवसागर, करगहर, कोचस, दिनारा, दावथ, सूर्यपुरा, बिक्रमगंज, काराकाट, नासरीगंज, राजपुर, डेहरी, अकोढ़ीगोला, तिलौथू, रोहतास और नौहट्टा स्थित कस्तूरबा विद्यालयों में भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया. इस दौरान छात्राओं की सुविधाओं और विद्यालय की व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गयी.

किचन की सफाई और पौष्टिक भोजन पर विशेष जोर

निरीक्षण टीमों ने किचन की नियमित सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव और भोजन तैयार करते समय हाइजीन मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया. छात्राओं को पौष्टिक, गुणवत्तापूर्ण और संतुलित भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों को दूर कर कस्तूरबा विद्यालयों की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन