रोहतास में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, हथियार बनाते एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ा, दूसरा भी गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

फोटो - शिवसागर थाना परिसर में प्रेस ब्रीफिंग करते डीएसपी | Prabhat Khabar Network

रोहतास पुलिस ने शिवसागर के डिहरा गांव में चल रही मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। छापेमारी में भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार।

विज्ञापन

शिवसागर थाना क्षेत्र के डिहरा गांव में रोहतास पुलिस ने बुधवार को मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में हथियार तैयार करते एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर रामपुरजोई गांव से एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा गया. पुलिस ने मौके से अर्धनिर्मित देशी कट्टा, राइफल के हिस्से, पिस्टल के पुर्जे और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किये.

आपके शहर में

विज्ञापन

गुप्त सूचना पर पुलिस ने बनाई विशेष टीम

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे सूचना मिली थी कि डिहरा गांव निवासी नागेंद्र शर्मा उर्फ नन्हक शर्मा अपने कच्चे मकान में अवैध तरीके से हथियार बना रहा है. सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1, सासाराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम में शिवसागर थानाध्यक्ष, जिला आसूचना इकाई और जिला एसटीएफ रोहतास के अधिकारी व जवान शामिल थे.

फोटो - शिवसागर थाना परिसर में प्रेस ब्रीफिंग करते डीएसपी | Prabhat Khabar Network
फोटो - शिवसागर थाना परिसर में प्रेस ब्रीफिंग करते डीएसपी | Prabhat Khabar Network

हथियार बनाते पकड़ा गया नागेंद्र शर्मा

पुलिस टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर स्थल की निगरानी की. इसके बाद मकान में छापेमारी की गई. पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद एक व्यक्ति भागने में सफल रहा, जबकि नागेंद्र शर्मा को हथियार तैयार करते हुए पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसने अपना नाम नागेंद्र शर्मा उर्फ नन्हक शर्मा, पिता स्वर्गीय हरिहर शर्मा, निवासी डिहरा बताया.

फोटो - शिवसागर थाना परिसर में प्रेस ब्रीफिंग करते डीएसपी | Prabhat Khabar Network
फोटो - शिवसागर थाना परिसर में प्रेस ब्रीफिंग करते डीएसपी | Prabhat Khabar Network

देशी कट्टा से लेकर पिस्टल के पुर्जे बरामद

मकान की तलाशी के दौरान देशी राइफल का अर्धनिर्मित बट, लोहे का बैरल, बड़ा और छोटा देशी कट्टा, पिस्टल के पुर्जे और मैगजीन समेत कई सामान मिले. इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली लेथ मशीन, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, भट्ठी, गैस सिलेंडर, हथौड़े, निहाई, आरी, रेती, छेनी और पेचकस समेत अन्य सामान भी बरामद किये गये. मौके से एक पुराना कीपैड मोबाइल भी मिला.

कई वर्षों से हथियार बनाने का दावा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नागेंद्र ने कई वर्षों से अवैध हथियार निर्माण का काम करने की बात बताई. पुलिस के अनुसार, उसने पूर्व में हथियार बनाकर एमसीसी को सप्लाई करने का दावा भी किया है. वर्तमान में मांग के आधार पर रामपुरजोई निवासी धनंजय कुमार पासवान के माध्यम से हथियार बेचने की बात सामने आई.

फोटो - शिवसागर थाना परिसर में प्रेस ब्रीफिंग करते डीएसपी | Prabhat Khabar Network
फोटो - शिवसागर थाना परिसर में प्रेस ब्रीफिंग करते डीएसपी | Prabhat Khabar Network

निशानदेही पर दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार

नागेंद्र से पूछताछ के बाद पुलिस ने रामपुरजोई निवासी धनंजय कुमार पासवान को गिरफ्तार किया. उसके पास से एक देशी कट्टा और सैमसंग कंपनी का पुराना एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया. पुलिस धनंजय के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है.

नागेंद्र पर पहले से दर्ज हैं तीन मामले

पुलिस के अनुसार, नागेंद्र शर्मा का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ शिवसागर थाना कांड संख्या 17/15 में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है. इसके अलावा कांड संख्या 176/20 में भी आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. वर्ष 2006 में शिवसागर थाना कांड संख्या 80/2006 में मारपीट, चोरी और हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है.

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

साइबर क्राइम डीएसपी गौरव कुमार यादव ने शिवसागर थाना परिसर में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान बताया कि तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर अवैध हथियार निर्माण का खुलासा किया गया है. कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. मौके से फरार व्यक्ति की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है. मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी.

कार्रवाई करने वाली टीम होगी पुरस्कृत

छापेमारी दल में थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, बिनोद कुमार यादव, चन्द्रहास कुमार, परिवीक्षाधीन पुलिस अवर निरीक्षक धीरज कुमार, पुलिस सहायक अवर निरीक्षक सिन्धु शरण सिंह समेत शिवसागर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे. अधिकारियों ने बेहतर कार्रवाई के लिए टीम के सदस्यों को पुरस्कृत करने की बात कही है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन