रोहतास: बिक्रमगंज में ऑटो पलटने से बुजुर्ग की मौत, युवती गंभीर रूप से घायल

घटना में मृत वृद्ध की फाइल फोटो और बेनसागर गांव में पंचनामा बनाती पुलिस की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
रोहतास जिले के बिक्रमगंज में एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया है। एक बाइक को बचाने के चक्कर में सीएनजी ऑटो पलट गया, जिसमें एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है।
Rohtas News : रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र में आरा-सासाराम मुख्य पथ पर पटेल कॉलेज के समीप सहेजनी टोला के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल युवती को अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सासाराम रेफर किया गया है.
बाइक को बचाने के प्रयास में पलटा ऑटो
मृतक की पहचान काराकाट थाना क्षेत्र के बेनसागर गांव निवासी जय राम रजवार (65) के रूप में हुई है. वह सीएनजी ऑटो से यात्रा कर रहे थे. ऑटो में चालक समेत केवल दो यात्री सवार थे. सहेजनी टोला के पास अचानक एक बाइक चालक के सामने आने पर ऑटो चालक ने वाहन बचाने की कोशिश की, जिससे संतुलन बिगड़ गया और ऑटो पलट गया.
मौके पर बुजुर्ग की मौत, युवती की हालत गंभीर
हादसे में जय राम रजवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
चालक बोला- 10 साल में पहली बार हुआ हादसा
ऑटो चालक विकास कुमार, जो बघेला थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव का निवासी है, ने बताया कि एक बाइक चालक लहरिया कट चलाते हुए अचानक सामने आ गया. उसे बचाने के प्रयास में ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया. चालक ने कहा कि वह पिछले दस वर्षों से वाहन चला रहा है और यह उसके जीवन की पहली दुर्घटना है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया. थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेजा गया है. दुर्घटनाग्रस्त सीएनजी ऑटो और चालक को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है. पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है और सामने आए अज्ञात बाइक चालक की पहचान के प्रयास भी जारी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










