घर के कमरे में मिला महिला का शव, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
Published by : ALOK KUMAR Updated At : 20 Mar 2026 9:24 PM
नगर थाना क्षेत्र के कटहरी बाग मुहल्ला में एक महिला का शव पुलिस ने घर के कमरे से बरामद किया है.
छपरा. नगर थाना क्षेत्र के कटहरी बाग मुहल्ला में एक महिला का शव पुलिस ने घर के कमरे से बरामद किया है. मृतका की पहचान कटहरी बाग निवासी राकेश कुमार की 24 वर्षीय पत्नी अंजली कुमारी बतायी जाती है. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. इस संबंध में सदर अस्पताल पहुंचे मायके पक्ष के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाये हैं. उनका कहना है कि अंजली की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व बड़े धूमधाम से राकेश कुमार के साथ हुई थी, लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद से ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा. परिजनों के अनुसार, अंजली पर अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया जाता था और इसी को लेकर अक्सर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी. परिजनों ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद से मृतका के मायके वालो में कोहराम मचा हुआ है. वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. नगर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि मामले में परिजनों के फर्द बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराई जाने की प्रक्रिया जारी थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










