सारण : तरैया पंचायत समिति की बैठक में राशन कार्ड और बिजली का मुद्दा छाया, लटकते तारों पर जतायी चिंता

तरैया में बीडीसी की बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी
तरैया में पंचायत समिति की बैठक में राशन कार्ड, बिजली के लटकते तार, नल-जल लीकेज, स्कूल में कमरों की कमी और अस्पताल की बदहाली का मुद्दा उठा.
Saran News: तरैया प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित किसान भवन के सभागार में गुरुवार को पंचायत समिति बीडीसी की बैठक प्रखंड प्रमुख प्रीति कुमारी की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई. बैठक में राशन कार्ड और बिजली विभाग से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से छाये रहे. इसके अलावा नल-जल योजना, विद्यालय में कमरों की कमी, अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन की अनुपलब्धता और जर्जर अस्पताल भवन समेत विभिन्न समस्याओं पर सदस्यों ने विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया.
राशन कार्ड से नाम कटने का मुद्दा उठा
माधोपुर पंचायत के मुखिया सुशील सिंह ने राशन कार्ड से पात्र लाभुकों के नाम कटने और नये राशन कार्ड बनवाने में आ रही परेशानियों का मुद्दा सदन में प्रमुखता से रखा. उन्होंने कहा कि राशन कार्ड बनवाने के लिए जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र की जरूरत पड़ती है, लेकिन इन प्रमाण पत्रों को बनवाने में समय लगने के कारण पात्र लाभुकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
मुखिया सुशील सिंह और ओम प्रकाश कुमार ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर कई लाभुकों के नाम राशन कार्ड से कट गये हैं. ऐसे लाभुकों की जांच कर उनका नाम दोबारा राशन कार्ड में जोड़े जाने की मांग की गयी.
डीलर से फोटो खिंचवाने पर सदन में नाराजगी
राशन कार्ड बनवाने के लिए डीलर के माध्यम से फोटो खिंचवाने और जांच कराने के मुद्दे पर भी सदस्यों ने नाराजगी जतायी. इस पर एमओ काजल तिवारी और बीडीओ विभु विवेक ने सदन को आश्वस्त किया कि कोई भी पात्र लाभुक राशन कार्ड के लाभ से वंचित नहीं रहेगा. जिन पात्र लाभुकों के नाम राशन कार्ड से कट गये हैं, उन्हें भी जांच के बाद जोड़ने का प्रयास किया जायेगा.
लटकते बिजली तार से हादसे की आशंका
मुखिया नंदकिशोर साह, ओम प्रकाश कुमार और सुशील सिंह ने विद्युत विभाग के कनीय अभियंता पंकज कुमार के समक्ष पोखरेड़ा, चैनपुर, माधोपुर और चंचलिया पंचायत के विभिन्न गांवों में बिजली के तार नीचे लटकने की समस्या रखी. सदस्यों ने कहा कि कई जगहों पर तार काफी नीचे हैं, जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है.
सदस्यों ने सिंचाई विभाग से संबंधित तार और पोल को भी दुरुस्त कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि जर्जर और नीचे लटके तारों के कारण ग्रामीणों के साथ-साथ किसानों के लिए भी खतरा बना हुआ है.
एक माह में नल-जल की लीकेज दूर करने का आश्वासन
बीडीसी माधुरी सिंह और मुखिया सुशील सिंह ने पीएचईडी के जेई तहसीन के समक्ष तरैया, चैनपुर, पोखरेड़ा, माधोपुर समेत अन्य पंचायतों में नल-जल योजना में लीकेज की समस्या उठायी. सदस्यों ने शिकायत की कि कई जगहों पर अब तक प्रत्येक घर तक नल-जल की पाइप नहीं पहुंची है.
जेई ने बताया कि अधिकांश पंचायतों के वार्डों में बोरिंग लगाये जा चुके हैं. कुछ जगहों पर जमीन चिह्नित की गयी है. जमीन उपलब्ध होने के बाद बोरिंग की संख्या बढ़ायी जायेगी. उन्होंने आश्वासन दिया कि एक माह के अंदर लीकेज से संबंधित शिकायतों को दूर कर दिया जायेगा.
स्कूल में कमरों की कमी से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
चैनपुर की मुखिया जयश्री देवी ने उच्च माध्यमिक विद्यालय गलिमापुर में कमरों की कमी का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि पर्याप्त कमरे नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. उन्होंने विद्यालय में नये कमरों के निर्माण के साथ तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग की.
हालांकि, बैठक के दौरान शिक्षा विभाग के पदाधिकारी मौजूद नहीं थे, जिस पर सदस्यों ने नाराजगी जतायी.
भूमिहीनों को जमीन उपलब्ध कराने की मांग
चंचलिया पंचायत में भूमिहीन परिवारों के बीच जमीन उपलब्ध कराने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया. मुखिया ने भूमिहीनों को सरकारी स्तर पर जमीन उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि उन्हें आवास समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके.
अस्पताल में एंटी रैबीज नहीं मिलने पर नाराजगी
रेफरल अस्पताल में एंटी रैबीज की सुई उपलब्ध नहीं होने पर पंचायत समिति सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त की. सदस्यों ने कहा कि कुत्ता या अन्य जानवरों के काटने के बाद मरीजों को एंटी रैबीज वैक्सीन के लिए परेशानी उठानी पड़ती है.
इसके साथ ही सदस्यों ने रेफरल अस्पताल के जर्जर भवन का मुद्दा भी उठाया. अस्पताल को नये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में स्थानांतरित करने की मांग की गयी. बैठक में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी भी अनुपस्थित रहे.
खाली पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति की मांग
सदस्यों ने कहा कि तरैया के अंचल अधिकारी, शिक्षा पदाधिकारी समेत कई विभागों के पदाधिकारी प्रभार में चल रहे हैं. इससे विभागीय कामकाज प्रभावित हो रहा है और आम लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. सदस्यों ने खाली पदों पर स्थायी पदाधिकारियों की नियुक्ति कराने की मांग की.
ये सदस्य रहे उपस्थित
बैठक में मुख्य रूप से मुखिया विनोद सिंह, सुशील सिंह, नंदकिशोर साह, ओम प्रकाश कुमार, अमित कुमार, सुशीला कुमारी, जयश्री देवी, बीडीसी माधुरी सिंह, राजिया खातून, अनिता देवी, पूनम देवी, जीरा देवी, काजल सिंह, लालू पासवान, अरुण सिंह समेत अन्य पंचायत प्रतिनिधि और सदस्य उपस्थित थे.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











