बांकीपुर उपचुनाव: बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा के मोहल्ले के वोटर्स का क्या है मूड? लोगों ने विकास के साथ गिनाईं कई शिकायतें

Updated:
विज्ञापन
प्रभात खबर से बातचीत करते वोटर्स

प्रभात खबर से बातचीत करते वोटर्स

Bankipur By Election Voting: भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा के मोहल्ले का चुनावी माहौल जानने के लिए प्रभात खबर की टीम लोगों के बीच पहुंची. किसी ने विकास की तारीफ की, तो किसी ने साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी जैसे मुद्दे उठाए. वहीं कुछ मतदाताओं ने इस बार बदलाव की भी बात कही.

विज्ञापन

Bankipur By Election Voting: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी है. इस बीच प्रभात खबर की टीम भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के मोहल्ले पहुंची और स्थानीय लोगों से बात की. बातचीत में वोट देने पहुंचे लोगों ने विकास, सफाई, स्ट्रीट लाइट और बदलाव जैसे मुद्दों पर अपनी राय खुलकर रखी. हालांकि चुनावी नतीजे को लेकर लोगों की राय बंटी हुई दिखी.

'जीतने के बाद कोई वापस नहीं आता'

मोहल्ले की एक महिला ने कहा कि चुनाव के समय नेता जरूर आते हैं, लेकिन जीतने के बाद इलाके की सुध लेने कोई नहीं आता. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अभी भी कई समस्याएं हैं, जिनका समाधान होना चाहिए.

'जनता बदलाव चाहती है'

स्थानीय निवासी संजु देवी ने कहा कि इस बार जनता का मूड बदलाव का है. उनके मुताबिक, सिर्फ पैसे के दम पर चुनाव नहीं जीता जा सकता. लोगों के बीच बदलाव की हवा चल रही है और मतदाता इस बार अलग फैसला ले सकते हैं.

'सत्ताधारी दल ही सीट जीतेगा'

वहीं एक बुजुर्ग मतदाता की राय अलग रही. उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल की स्थिति मजबूत है. उनके अनुसार, इस सीट पर बदलाव की संभावना बहुत कम है और भाजपा की जीत की उम्मीद ज्यादा है.

'विकास हुआ, लेकिन बदलाव भी जरूरी'

युवा मतदाता जगत कुमार ने कहा कि बांकीपुर में विकास के काम हुए हैं. इसके बावजूद समय-समय पर बदलाव भी लोकतंत्र के लिए जरूरी होता है. उन्होंने कहा कि इस चुनाव में युवाओं की भूमिका अहम रहने वाली है.

GEN Z वोटर बने बड़ा फैक्टर

पहली बार या हाल के वर्षों में वोटर बने युवाओं को लेकर भी चर्चा रही. स्थानीय युवती रीतिका ने कहा कि उनके इलाके में साफ-सफाई की स्थिति अच्छी नहीं है. कई सड़कों पर स्ट्रीट लाइट भी नहीं है, जिससे रात में परेशानी होती है. उन्होंने कहा कि जो भी चुनाव जीते, उसे इन बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता देनी चाहिए.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

नीरज सिन्हा ने किया मतदान

भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने मीठापुर स्थित दयानंद कन्या विद्यालय में अपना वोट डाला. मतदान के बाद उन्होंने लोगों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की.

उन्होंने कहा, "यह मेरा शुरू से क्षेत्र रहा है. मैं अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मिलने जा रहा हूं. इस चुनाव का सबसे बड़ा मुद्दा विकास है. मुझे पूरा विश्वास है कि भाजपा की जीत होगी."

नीतीश कुमार की बहन ने भी जताया भरोसा

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बहन भी मतदान करने पहुंचीं. उन्होंने कहा कि बांकीपुर में विकास हुआ है और उन्हें भरोसा है कि इस बार भी भाजपा उम्मीदवार को जीत मिलेगी. उनका कहना था कि चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा के कार्यकर्ता लगातार लोगों के बीच पहुंचे, जिसका फायदा पार्टी को मिलेगा.

Also Read:'रात से हमारे लोगों को उठाया जा रहा है', बांकीपुर में बूथों का जायजा लेने पहुंचे प्रशांत किशोर बोले- भाजपा नहीं, पुलिस चुनाव लड़ रही है



विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन