सारण: मटिहान में 31 जुलाई से 8 अगस्त तक भव्य धार्मिक आयोजन, शिव प्राण प्रतिष्ठा और अखंड अष्टयाम यज्ञ

नवनिर्मित शिव मंदिर
छपरा के मटिहान गांव में नवनिर्मित शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा और अखंड अष्टयाम यज्ञ का भव्य आयोजन। 31 जुलाई से 8 अगस्त तक होंगे कई धार्मिक कार्यक्रम।
Saran News: दरियापुर प्रखंड के मटिहान गांव स्थित नवनिर्मित शिव मंदिर में शिव प्राण प्रतिष्ठा एवं अखंड अष्टयाम यज्ञ समारोह को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है. 31 जुलाई से 8 अगस्त तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. आयोजन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है. समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.
31 जुलाई को कलश यात्रा से होगा शुभारंभ
आयोजन समिति के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ 31 जुलाई को सुबह सात बजे भव्य कलश यात्रा और जलभरी के साथ होगा. इसके बाद शाम में पंचांग पूजन एवं जलाधिवास का आयोजन किया जायेगा.
अन्नाधिवास और फलाधिवास के बाद निकलेगा भव्य जुलूस
एक अगस्त को अन्नाधिवास कार्यक्रम आयोजित होगा. वहीं, दो अगस्त को सुबह फलाधिवास किया जायेगा. इसी दिन दोपहर तीन बजे भगवान शिव की प्रतिमा के साथ भव्य जुलूस निकाला जायेगा. जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.
3 अगस्त को होगी शिव प्राण प्रतिष्ठा
तीन अगस्त को सुबह शिव प्राण प्रतिष्ठा एवं अभिषेक का आयोजन किया जायेगा. इसके बाद 24 घंटे के अखंड अष्टयाम यज्ञ का शुभारंभ होगा. यज्ञ को लेकर ग्रामीणों और आयोजन समिति के सदस्यों ने व्यापक तैयारियां की हैं.
अखंड अष्टयाम की पूर्णाहुति के बाद शिव तांडव नृत्य
चार अगस्त को अखंड अष्टयाम यज्ञ की पूर्णाहुति होगी. इसके बाद रात में मंत्रोच्चारण के बीच कलाकार चित्राली उपाध्याय द्वारा शिव तांडव नृत्य की प्रस्तुति की जायेगी. धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे.
5 अगस्त को शिव परिचर्चा और विशाल भंडारा
पांच अगस्त को सुबह 11 बजे भगवान शिव का अभिषेक किया जायेगा. इसके बाद दोपहर तीन बजे से भव्य शिव परिचर्चा का आयोजन होगा. शिव परिचर्चा के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जायेगा.
छह से आठ अगस्त तक होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
आयोजन समिति के अनुसार छह से आठ अगस्त तक विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा. वहीं, पूरे आयोजन के दौरान 31 जुलाई से 8 अगस्त तक प्रत्येक दिन शाम के समय भव्य रामलीला का मंचन किया जायेगा.
मेले और झूले की भी होगी व्यवस्था
धार्मिक आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं और बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले एवं मेले की भी विशेष व्यवस्था की गयी है. आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अन्य आवश्यक इंतजाम भी किये जा रहे हैं.
आयोजकों और ग्रामीणों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने और यज्ञ को सफल बनाने की अपील की है.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











