सारण के तरैया नहीं, मढ़ौरा में बने नई चीनी मिल : विधायक जितेंद्र राय ने सरकार से फैसले पर पुनर्विचार की मांग

Updated:
विज्ञापन
विधायक जितेन्द्र कुमार राय | Prabhat Khabar Network

विधायक जितेन्द्र कुमार राय की तस्वीर

मढ़ौरा विधायक जितेंद्र कुमार राय ने नई चीनी मिल के लिए तरैया को प्राथमिकता दिए जाने की खबर पर आपत्ति जताते हुए सरकार से मढ़ौरा को प्राथमिकता देने और बंद पड़ी चीनी मिल के पुनर्जीवन की मांग की है.

विज्ञापन

Saran News: मढ़ौरा विधायक एवं पूर्व मंत्री जितेंद्र कुमार राय ने नई चीनी मिल की स्थापना के लिए मढ़ौरा के बजाय तरैया को प्राथमिकता दिए जाने की खबर पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने इसे मढ़ौरा विधानसभा की जनता की भावनाओं के साथ अन्याय बताते हुए सरकार से अपने निर्णय पर तत्काल पुनर्विचार करने की मांग की है.

मढ़ौरा की आर्थिक पहचान रही है चीनी मिल

विधायक जितेंद्र कुमार राय ने कहा कि मढ़ौरा चीनी मिल केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक पहचान और लाखों किसानों, मजदूरों तथा युवाओं की आजीविका का प्रमुख आधार रही है. उन्होंने कहा कि वर्षों से बंद पड़ी चीनी मिल को पुनः चालू कराने की मांग लगातार उठती रही है.

उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मढ़ौरा चीनी मिल को फिर से शुरू कराने का आश्वासन दिया था, जिससे क्षेत्र के लोगों में नई उम्मीद जगी थी.

मढ़ौरा को बताया सबसे उपयुक्त स्थान

विधायक ने कहा कि मढ़ौरा में हजारों एकड़ गन्ना उत्पादक भूमि, पर्याप्त औद्योगिक आधारभूत संरचना और बड़ी संख्या में किसान मौजूद हैं. ऐसे में नई चीनी मिल की स्थापना अथवा चीनी उद्योग के पुनर्जीवन के लिए मढ़ौरा सबसे उपयुक्त स्थान है.

उन्होंने कहा कि यदि इसके बावजूद किसी अन्य स्थान को प्राथमिकता दी जाती है, तो यह मढ़ौरा के विकास और सम्मान पर सीधा आघात होगा.

आंदोलन की चेतावनी

जितेंद्र कुमार राय ने सरकार से मांग की कि मढ़ौरा की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए नई चीनी मिल की स्थापना अथवा बंद पड़ी चीनी मिल के पुनर्जीवन के लिए मढ़ौरा को प्राथमिकता दी जाए.

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र की उपेक्षा जारी रही तो जनता अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी. उन्होंने कहा कि मढ़ौरा के हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा.

Also Read: बिहार में सड़क हादसा हुआ तो बस 112 पर करें कॉल, मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज


विज्ञापन
Nadim Ahmad

लेखक के बारे में

By Nadim Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन