सारण में शुरू होगी बड़े पैमाने पर मखाना की खेती, जलालपुर से 25 एकड़ में हुई शुरुआत

Updated:
विज्ञापन
नोट: फोटो नंबर 2 सीएचपी 3 है कैप्सन होगा-मखाना की खेती का अवलोकन करते पदाधिकारी  | Prabhat Khabar Network

मखाना की खेती का अवलोकन करते पदाधिकारी

सारण जिले के जलालपुर प्रखंड में 25 एकड़ भूमि पर मखाना उत्पादन की शुरुआत हुई है. उद्यान विभाग की टीम ने खेत का निरीक्षण कर किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन दिया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया.

विज्ञापन

Saran News: मधुबनी, दरभंगा और कटिहार के बाद अब सारण जिले में भी बड़े पैमाने पर मखाना उत्पादन की तैयारी शुरू हो गई है. उद्यान विभाग ने इसकी रूपरेखा तैयार कर किसानों को प्रोत्साहित करना शुरू कर दिया है. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर कृषि एवं उद्यान विभाग मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. इसी क्रम में जलालपुर प्रखंड में 25 एकड़ भूमि पर मखाना उत्पादन की शुरुआत की गई है.

रविवार को उद्यान विभाग के अधिकारियों की टीम ने खेतों का निरीक्षण कर संबंधित किसान को हर संभव तकनीकी और विभागीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. साथ ही जिले के अन्य किसानों से भी मखाना उत्पादन अपनाने की अपील की.

जलालपुर के मंगोलपुर से हुई शुरुआत

जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला उद्यान पदाधिकारी के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम जलालपुर प्रखंड के मंगोलपुर गांव पहुंची. यहां चयनित किसान के लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में लगाए गए मखाना की फसल का निरीक्षण किया गया.

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी तरीके से मखाना उत्पादन की जानकारी दी और बेहतर उत्पादन के लिए आवश्यक सुझाव दिए. अधिकारियों ने बताया कि सारण की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पिछले कई वर्षों से जिले में मखाना उत्पादन शुरू करने का प्रयास किया जा रहा था, जो अब धरातल पर उतरता दिखाई दे रहा है.

फसल प्रबंधन पर दिए तकनीकी सुझाव

अधिकारियों ने मखाना की फसल की वर्तमान स्थिति का अवलोकन करते हुए पोषण प्रबंधन, जल प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण सहित अन्य तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की. साथ ही किसान को विभागीय योजनाओं का लाभ उठाकर मखाना उत्पादन का रकबा बढ़ाने और आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया.

किसानों की आय बढ़ाने में मददगार होगी मखाना खेती

जिला उद्यान पदाधिकारी सुधीर कुमार तिवारी ने कहा कि मखाना एक उच्च मूल्य वाली नगदी फसल है, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है. विभाग किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध करा रहा है. उन्होंने जिले के अधिक से अधिक किसानों से मखाना उत्पादन अपनाने और विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की.

इस अवसर पर जिला उद्यान पदाधिकारी, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें: ड्राइवर ही निकला डेहरी EO का कातिल, IG विकास वैभव ने हत्याकांड का किया खुलासा


विज्ञापन
चंद्रशेखर कुमार

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन