शिड्यूल के अनुसार नहीं हो रहा रेल इंजनों का रखरखाव

छपरा (सारण) : रेल इंजनों का रखरखाव समुचित ढंग से नहीं होने के कारण आये दिन डीजल इंजन एन मौके पर धोखा दे रहे हैं. रास्ते में ही इंजन फेल होने की घटनाएं हो रही हैं. इस वजह से ट्रेनों के परिचालन में समयपालन तथा संरक्षा नियमों का पालन करने में बाधा उत्पन्न हो रही […]
छपरा (सारण) : रेल इंजनों का रखरखाव समुचित ढंग से नहीं होने के कारण आये दिन डीजल इंजन एन मौके पर धोखा दे रहे हैं. रास्ते में ही इंजन फेल होने की घटनाएं हो रही हैं. इस वजह से ट्रेनों के परिचालन में समयपालन तथा संरक्षा नियमों का पालन करने में बाधा उत्पन्न हो रही है.
इंजन फेल होने से ट्रेनों का परिचालन बाधित हो रहा है, जिससे आक्रोशित यात्रियों का हंगामा और रेलकर्मियों के साथ र्दुव्यवहार की घटना आम है. केवल जून में एक दर्जन ट्रेनों का इंजन विभिन्न स्थानों पर फेल हो गया और ट्रेनें घंटों बीच में खड़ी रहीं. बाद में अतिरिक्त इंजन की व्यवस्था करके ट्रेनों का परिचालन किया गया. इस वजह से ट्रेनों का विलंब से परिचालन हो रहा है.
* समय पर नहीं हो रही है अनुरक्षण-मरम्मत
ट्रेनों के परिचालन में प्रयोग किये जा रहे इंजनों का अनुरक्षण व मरम्मत कार्य निर्धारित समय पर नहीं हो रहा है. पैसेंजर और माल ट्रेनों के इंजनों की कौन कहे, यहां लंबी दूरी के महत्वपूर्ण ट्रेनों के इंजनों के रखरखाव और मरम्मती कार्य की हालत चिंताजनक है. यह स्थिति इंजनों की कमी के कारण बनी हुई है.
इंजनों के अभाव में समय पर उसे वर्क शॉप में मरम्मत, अनुरक्षण कार्य के लिए नहीं भेजा जा रहा है. निर्धारित दूरी तथा निर्धारित समय से अधिक इंजनों का परिचालन हो रहा है. वर्कशॉप में जानेवाले रेल इंजनों की मरम्मत व अनुरक्षण के बाद पुन: वर्कशॉप में भेजने की तिथि का निर्धारण किया जाता है. निर्धारित तिथि पूरा होने पर उसे अनुरक्षण के बाद कार्य के लिए वर्कशॉप में भेजने का प्रावधान है, लेकिन ऐसा हो नहीं पा रहा है. फलस्वरूप इंजन अचानक फेल हो जा रहे हैं.
* अक्सर होता है हंगामा
ट्रेनों का इंजन अचानक फेल हो जाने से स्टेशनों पर आये दिन यात्रियों द्वारा हंगामा किया जा रहा है. इस दौरान यात्रियों द्वारा रेलकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार भी किया जा रहा है. इसकी वजह इंजन फेल होने के कारण ट्रेनों का परिचालन बाधित होना है. इंजन फेल होने से ट्रेनों का परिचालन बाधित होने से ट्रेनें घंटों खड़ी रहती हैं और अतिरिक्त इंजन मंगाने के लिए यात्रियों को हंगामा करना पड़ता है.
30 जून को छपरा-सीवान रेलखंड पर अप अवध असम एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन दाउदपुर स्टेशन पर फेल हो गया. इसके पहले इसी रेलखंड पर एकमा स्टेशन पर एक पखवारा पहले जनसेवा एक्सप्रेस का इंजन फेल हो गया. इसी बीच छपरा-बलिया रेल खंड पर मांझी स्टेशन के पास छपरा से बलिया जा रही पैसेंजर ट्रेन का इंजन फेल हो गया.
गत माह में बड़ा गोपाल के समीप डाउन बिहार संपर्क क्रांति सुपर फास्ट ट्रेन का इंजन फेल होने ट्रेन का परिचालन घंटों बाधित रहा. छपरा-थावे रेलखंड पर भी इस अवधि में दो ट्रेनों का इंजन फेल हो गया. इसके अलावा कई रेलखंडों पर पैसेंजर तथा माल ट्रेनों के इंजन फेल होने की घटनाएं हुईं.
* इंजन फेल होने का तकनीकी कारण है. इंजनों को शिड्यूल के अनुसार ही अनुरक्षण व रख-रखाव कराया जाता है. कभी-कभी अपरिहार्य कारणों से शिड्यूल के अनुसार वर्कशॉप भेजने में विलंब होता है.
अशोक कुमार
रेलवे जनसंपर्क अधिकारी, वाराणसी मंडल, पूर्वोत्तर रेलवे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










