Samastipur Crime News: ताजपुर में युवक की संदिग्ध मौत, NH-28 जाम कर लोगों ने किया प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन

युवक की मौत के विरोध में ताजपुर गांधी चौक पर सड़क जाम कर प्रदर्शन करते लोग

Samastipur Crime News ताजपुर थाना क्षेत्र के हरपुर पिंडी में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद लोगों ने एनएच-28 जाम कर प्रदर्शन किया. परिजनों ने मारपीट और पैसे छीनने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पढ़ें पूरी खबर..

विज्ञापन

समस्तीपुर के मोरवा से मनोज वर्मा की रिपोर्ट

Samastipur Crime News: मोरवा प्रखंड के ताजपुर थाना क्षेत्र स्थित हरपुर पिंडी पंचायत में एक 44 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद तनाव का माहौल बन गया. मृतक की पहचान वार्ड संख्या तीन निवासी राम प्रसाद राय के पुत्र कुशेश्वर राय उर्फ कुशो के रूप में हुई है. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने ताजपुर के गांधी चौक के पास एनएच-28 जाम कर प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.

परिजनों ने मारपीट और पैसे छीनने का लगाया आरोप

परिजनों का आरोप है कि कुशेश्वर राय कुछ दिन पहले जमीन बेचकर घर निर्माण की तैयारी कर रहे थे. उनके अनुसार, वह घर की ढलाई के लिए सामान खरीदने करीब दो लाख रुपये लेकर निकले थे. आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की और पैसे छीन लिए, जिसके कारण उनकी मौत हुई. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है.

सड़क किनारे मिला गंभीर हालत में युवक

स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार दोपहर कुशेश्वर राय घर से निकले थे. इसी दौरान एक महिला ने उन्हें सड़क किनारे तड़पते हुए देखा. बताया गया कि उनके मुंह से झाग निकल रहा था. महिला और आसपास के लोगों ने उन्हें सड़क किनारे छांव में पहुंचाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने पानी मांगा था, लेकिन पानी पीने से पहले ही उसकी मौत हो गई.

पोस्टमार्टम के बाद लोगों ने किया सड़क जाम

घटना की सूचना मिलने पर ताजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, लोगों का आक्रोश बढ़ गया.

आक्रोशित लोगों ने ताजपुर के गांधी चौक के समीप एनएच-28 जाम कर दिया और टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

 मृतक कुशेश्वर राय उर्फ कुशो

पुलिस और FSL टीम जुटी जांच में

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस के साथ एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

मृतक के परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं. परिजनों के अनुसार, मृतक परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था. घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है.

यह भी पढ़ें: घर में सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या, खिड़की से की गई ताबड़तोड़ फायरिंग

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन