3.80 लाख में 8 माह के बच्चे का सौदा, 2 डॉक्टर समेत 5 गिरफ्तार, समस्तीपुर जंक्शन से बच्चे की चोरी का खुलासा

Author AMAN GAUTAM|Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक AI तस्वीर

समस्तीपुर जंक्शन से चोरी हुए आठ माह के बच्चे को रेल पुलिस ने सारण से सकुशल बरामद कर लिया है. जांच में खुलासा हुआ कि बेटे की चाह में 3.80 लाख रुपये में बच्चे का सौदा किया गया था. मामले में दो झोलाछाप डॉक्टर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

विज्ञापन

Samastipur Child Kidnapping Case: समस्तीपुर जंक्शन से 14 जून को चोरी हुए आठ माह के बच्चे के मामले का रेल पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने सारण जिले से मासूम को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है. इस मामले में दो झोलाछाप डॉक्टर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. जांच में सामने आया कि बेटे की चाह में 3.80 लाख रुपये में बच्चे का सौदा किया गया था.

यह भी पढ़ें: कस्टमर केयर के नाम पर साइबर ठगी, एक क्लिक में खाते से उड़े 95 हजार रुपये

सीसीटीवी और पांच लाख कॉल डिटेल से खुला पूरा नेटवर्क

रेल थाना समस्तीपुर कांड संख्या 133/26 के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार आरोपितों में सन्नी साहनी, सुनील कुमार, शांति देवी, सुमन देवी और विकास कुमार शामिल हैं. रेल पुलिस ने बताया कि करीब पांच लाख कॉल डिटेल और समस्तीपुर जंक्शन के सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आरोपितों तक पहुंचा गया.

छापेमारी के दौरान अपहृत आठ माह के बच्चे आशीष कुमार को सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के बलुआ नारायणपुर से सकुशल बरामद कर लिया गया. इसके बाद बच्चे को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया.

परीक्षा स्पेशल ट्रेन से ले गई थी महिला, फिर कई हाथों से गुजरता रहा बच्चा

पुलिस के अनुसार, 14 जून को गोविंदपुर खजूरी निवासी रंजीत राय अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ हैदराबाद जाने के लिए समस्तीपुर जंक्शन पहुंचे थे. इसी दौरान शांति देवी और सन्नी साहनी ने उनसे दोस्ती कर ली. बाद में सन्नी ने भीड़ का हवाला देकर दंपती को ट्रेन में नहीं चढ़ने दिया.

इसी बीच जब पिता बाहर गए हुए थे, तब शांति देवी सो रहे आठ माह के बच्चे को लेकर परीक्षा स्पेशल ट्रेन से मुजफ्फरपुर चली गई. वहां से वह मेहसी पहुंची, जहां बच्चा सन्नी साहनी के माध्यम से सुनील कुमार के क्लीनिक पहुंचा. रातभर क्लीनिक में रखने के बाद बच्चे को विकास कुमार के हवाले कर दिया गया.

यह भी पढ़ें: एसएसबी के नाम पर साइबर ठगी का गिरोह सक्रिय, सीमावर्ती इलाकों के व्यापारी निशाने पर

बेटे की चाह में 3.80 लाख रुपये में खरीदा गया बच्चा

पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरे सौदे में सन्नी साहनी को 1.30 लाख रुपये मिले. इसके बाद विकास कुमार के जरिए बच्चे को सारण जिले की सुमन देवी को सौंपा गया. पुलिस के अनुसार, सुमन देवी ने बेटे की चाह में 3.80 लाख रुपये देकर बच्चे को खरीदा था. उसके पहले से तीन बेटियां हैं.

आरोपी पर पहले से हत्या का मामला दर्ज

जांच के दौरान यह भी पता चला कि मुख्य आरोपित सन्नी साहनी के खिलाफ पहले से अपनी भाभी की हत्या का मामला दर्ज है. रेल पुलिस का कहना है कि इस पूरे गिरोह के अन्य संभावित कनेक्शन की भी जांच की जा रही है.

रेल थाना प्रभारी बीरबल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम में सब इंस्पेक्टर नंदिनी कुमारी, एएसआई बाल मुकुंद शर्मा, गौरव कुमार, हरेराम, सीआईबी के दीपक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

यह भी पढ़ें: मानव तस्करी और देह व्यापार मामले में भारत के पांच नागरिक गिरफ्तार

विज्ञापन
AMAN GAUTAM

लेखक के बारे में

By AMAN GAUTAM

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन