पशु चिकित्सक पर जानलेवा हमला, लोहे के पंच से सिर और कान पर किया वार

Updated:
विज्ञापन

समस्तीपुर के विभूतिपुर में एक पशु चिकित्सक पर जानलेवा हमला हुआ है. मरीज देखने जा रहे चिकित्सक को रास्ते में रोककर लोहे के पंच से सिर और कान पर वार कर गंभीर रूप से घायल किया गया. आरोप है कि हमलावर ने उनकी सोने की चेन भी छीन ली.

विज्ञापन

Samastipur News: विभूतिपुर थाना क्षेत्र के एकडारा गांव में एक पशु चिकित्सक पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है. पीड़ित अरविंद कुमार ने स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए गांव के ही अखिलेश कुमार पर मारपीट, गला दबाने, जान से मारने की धमकी देने और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मरीज देखने जा रहे थे चिकित्सक, रास्ते में किया हमला

पीड़ित अरविंद कुमार के अनुसार, घटना के समय वह अपने घर से गांव के ही राजेश कुमार के यहां मरीज देखने जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में गांव के ही अखिलेश कुमार ने समानांतर गाड़ी चलाते हुए उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी, जिससे वह नीचे गिर गये.

आरोप है कि इसके बाद अखिलेश कुमार ने गालीगलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी और हाथ में लोहे का पंच पहनकर उनके सिर और कान पर हमला कर दिया. हमले में चिकित्सक गंभीर रूप से घायल हो गये और उनके शरीर से खून निकलने लगा.

गला दबाकर जान से मारने की कोशिश का आरोप

पीड़ित ने प्राथमिकी में बताया है कि वह अपनी जान बचाकर वहां से भागने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान आरोपी ने उन्हें पटक दिया और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की.

शोर सुनकर अमित कुमार और पंकज कुमार मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया. आरोप है कि आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट और धक्का-मुक्की की तथा जान से मारने की धमकी दी.

घर पर भी पत्थरबाजी करने का आरोप

पीड़ित के अनुसार, घटना के दौरान शोर सुनकर गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला. आरोप है कि इसके बाद आरोपी पीड़ित के घर पर पहुंचा और वहां भी पत्थरबाजी की.

पीड़ित ने गला दबाने के दौरान आरोपी पर सोने की चेन छीनने का भी आरोप लगाया है.

डायल 112 और पुलिस पहुंची मौके पर

घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 और विभूतिपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घायल पशु चिकित्सक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.

पीड़ित ने आरोपी पर शराब माफिया होने और गांव में भय का माहौल कायम करने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

इस संबंध में विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

यह भी पढ़ें

15-16 अगस्त को दरभंगा समेत कई जिलों में बारिश के आसार


विज्ञापन
Krishan Mohan Pathak

लेखक के बारे में

By Krishan Mohan Pathak

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन