नई रात्रिकालीन एक्सप्रेस को रोसड़ा-हसनपुर होकर चलाने की मांग, लोकसभा में उठी आवाज
सांकेतिक तस्वीर
लाखों रेल यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग को लोकसभा में आवाज मिली है. सांसद शांभवी चौधरी ने दानापुर-सहरसा के बीच प्रस्तावित नई रात्रिकालीन एक्सप्रेस ट्रेन को समस्तीपुर-रोसड़ा-हसनपुर मार्ग से चलाने की मांग उठाई है. यह कदम उत्तर बिहार के लाखों यात्रियों के लिए पटना से सीधा रात्रिकालीन रेल संपर्क सुनिश्चित करेगा.
Samastipur News: समस्तीपुर, रोसड़ा और हसनपुर क्षेत्र के लाखों रेल यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग को मंगलवार को लोकसभा में आवाज मिली. समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी ने नियम 377 के तहत सदन में दानापुर और सहरसा के बीच प्रस्तावित नई रात्रिकालीन एक्सप्रेस ट्रेन का मार्ग समस्तीपुर-रोसड़ा-हसनपुर होकर निर्धारित करने की मांग उठायी.
सांसद ने सदन में रखी रेल यात्रियों की मांग
सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि पूर्व मध्य रेलवे की ओर से दानापुर और सहरसा के बीच नई रात्रिकालीन एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है. उन्होंने इसे उत्तर बिहार के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण और स्वागतयोग्य पहल बताया.
सांसद ने आग्रह किया कि प्रस्तावित ट्रेन का परिचालन समस्तीपुर-रोसड़ा-हसनपुर मार्ग से सुनिश्चित किया जाए, ताकि इस क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना के लिए सीधा रात्रिकालीन रेल संपर्क मिल सके.
पटना जाने वाले यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
सांसद ने सदन में कहा कि समस्तीपुर, रोसड़ा और हसनपुर घनी आबादी वाले महत्वपूर्ण कृषि प्रधान क्षेत्र हैं. यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, मरीज, व्यापारी, नौकरीपेशा लोग और अन्य नागरिक शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार के लिए पटना की यात्रा करते हैं.
वर्तमान में इस क्षेत्र के यात्रियों के पास पटना जाने के लिए सीधी और सुविधाजनक रात्रिकालीन ट्रेन का पर्याप्त विकल्प नहीं है. इसके कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
समस्तीपुर-रोसड़ा-हसनपुर होकर चलाने की मांग
सांसद ने कहा कि यदि प्रस्तावित रात्रिकालीन एक्सप्रेस का परिचालन सहरसा-समस्तीपुर-रोसड़ा-हसनपुर-दानापुर मार्ग से किया जाता है, तो यह पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी रेल सुविधा साबित होगी.
इससे लाखों यात्रियों की यात्रा सुगम हो सकती है और समस्तीपुर, रोसड़ा तथा हसनपुर क्षेत्र को राजधानी पटना से सीधा रात्रिकालीन रेल संपर्क मिल सकेगा.
रेल मंत्रालय से विशेष आग्रह
सांसद शांभवी चौधरी ने रेल मंत्रालय से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि प्रस्तावित सहरसा-दानापुर एक्सप्रेस का मार्ग समस्तीपुर-रोसड़ा-हसनपुर होकर ही निर्धारित किया जाए.
उन्होंने कहा कि इससे उत्तर बिहार के इस महत्वपूर्ण क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी और पटना आने-जाने में काफी सहूलियत होगी.
रोसड़ा के लोगों में जगी उम्मीद
यह जानकारी सांसद प्रतिनिधि अनिश राज ने दी. सांसद द्वारा संसद में रोसड़ा को प्रस्तावित रात्रिकालीन रेल मार्ग में शामिल करने की मांग उठाये जाने से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है.
रोसड़ा क्षेत्र के लोग लंबे समय से पटना के लिए बेहतर रेल सुविधा और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग करते रहे हैं. ऐसे में समस्तीपुर-रोसड़ा-हसनपुर होकर नई रात्रिकालीन एक्सप्रेस चलाने की मांग को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें
सरकारी नाला निर्माण के दौरान मुखिया से रंगदारी मांगने का आरोप, तीन मजदूर घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










