शिवाजीनगर पंचायत समिति की बैठक में जलजमाव, अतिक्रमण और नल-जल का मुद्दा उठा
बैठक में उपस्थित पदाधिकारी व सदस्य | Prabhat Khabar Network
शिवाजीनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में आयोजित पंचायत समिति की बैठक में विभिन्न जनसमस्याओं पर सदस्यों ने आवाज उठाई. जलजमाव, अतिक्रमण, नल-जल और आवास योजना के क्रियान्वयन को लेकर हुई गरमागरम बहस में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.
Shivajinagar News: शिवाजीनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में मंगलवार को पंचायत समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार सिंह ने की. इसमें विभिन्न पंचायतों के विकास कार्यों, जनसमस्याओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर पंचायत समिति सदस्यों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाये. सदस्यों ने जलजमाव, सड़क किनारे अतिक्रमण, पंचायत सरकार भवनों में कर्मियों की अनुपस्थिति, नल-जल योजना और विद्यालयों में भवन की कमी जैसी समस्याओं के समाधान की मांग की.
नवनियुक्त बीडीओ को पाग-चादर देकर किया सम्मानित
बैठक के दौरान पंचायत समिति सदस्यों ने शिवाजीनगर के नवनियुक्त बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह को मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग एवं चादर देकर सम्मानित किया. इसके बाद पंचायतों से संबंधित विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गयी.
जलजमाव और अतिक्रमण का मुद्दा उठा
सदस्यों ने दसौत पंचायत में विभिन्न सड़कों पर जलजमाव की समस्या को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने बताया कि कई पंचायतों में सड़कों के दोनों किनारों पर लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है.
इसके अलावा सड़कों पर गंदे पानी का बहाव और कूड़ा-कचरा फेंके जाने से आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है. सदस्यों ने जलजमाव और अतिक्रमण की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की.
आवास योजना में नाजायज राशि लेने का आरोप
जाखड़ धर्मपुर पंचायत में आवास योजना में नाम जोड़ने सहित अन्य कार्यों के लिए कथित रूप से नाजायज राशि लिये जाने का आरोप भी पंचायत समिति सदस्यों ने लगाया. सदस्यों ने मामले की जांच कर दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की.
पंचायत सरकार भवनों में कर्मियों की अनुपस्थिति पर सवाल
पंचायत समिति सदस्यों और मुखियाओं ने पंचायत सरकार भवनों में पंचायत कर्मियों की नियमित अनुपस्थिति का मामला भी उठाया. उन्होंने कहा कि कर्मियों के पंचायत सरकार भवन में मौजूद नहीं रहने के कारण ग्रामीणों को छोटे-छोटे कामों के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है.
सदस्यों ने सभी पंचायत सरकार भवनों में पंचायत कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की.
उच्च विद्यालय करियन में भवन और कमरों की कमी
उच्च विद्यालय करियन में भवन और कक्षा-कक्ष की कमी का मामला भी बैठक में उठाया गया. सदस्यों ने कहा कि विद्यालय में पर्याप्त भवन नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन में परेशानी हो रही है.
पंचायत में उच्च विद्यालय के लिए नये भवन के निर्माण में हो रही देरी पर भी सदस्यों ने चिंता जतायी. उन्होंने बच्चों के लिए बेहतर और नियमित पठन-पाठन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की.
बाल श्रम रोकने में सहयोग की अपील
प्रखंड श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी नीतू कुमारी ने बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों को बाल श्रम निषेध नियमों की जानकारी दी. उन्होंने क्षेत्र की सभी पंचायतों में बाल श्रम नियमों का सख्ती से पालन कराने में जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की.
बंद नल-जल योजनाओं को चालू कराने की मांग
विभिन्न पंचायतों के कई वार्डों में नल-जल योजना बंद रहने की शिकायत भी सदस्यों ने की. उन्होंने कहा कि नल-जल योजना बंद रहने से लोगों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है.
सदस्यों ने बंद पड़ी सभी नल-जल योजनाओं को जल्द से जल्द चालू कराने की मांग की.
ये पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में उप प्रमुख पूनम देवी, बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह, एमओ नूरजहां, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार सिंह, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्लाह, बीईओ रामजन्म सिंह, पीओ बबलू कुमार, विद्युत जेई आकाश वर्मा, पंसस शंभू बैठा, सरोज कुमार सिंह, गुंजन सिंह, मोहन झा, मुखिया संजीव पासवान, नटवर राय, राज कुमारी देवी, विभा देवी, तकनीकी सहायक दीप सागर, विकास कुमार, सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें
सरायरंजन में 1000 लीटर शराब लदा पिकअप जब्त, मुख्य कारोबारी गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










