Samastipur : मालवाहक की चपेट में आने से एक की मौत, दो गंभीर, सड़क जाम
Published by : DIGVIJAY SINGH Updated At : 17 Apr 2025 10:28 PM
मालवाहक पिकअप ट्रक को ओवर टेक करने के करने के क्रम में सड़क किनारे खड़े तीन बाइक सवार जद में आ गये.
Samastipur : कल्याणपुर . चकमेहसी थाना क्षेत्र से गुजरने वाले समस्तीपुर- दरभंगा मुख्य मार्ग के भट्टी चौक के समीप सुधा दूध मालवाहक पिकअप ट्रक को ओवर टेक करने के करने के क्रम में सड़क किनारे खड़े तीन बाइक सवार जद में आ गये. इसमें एक की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. दो गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कल्याणपुर ले जाया गया. जहां डाक्टर ने एक को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया. जबकि दूसरे को सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया. मृतक की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर टारा वार्ड 14 रमौली निवासी सुरेश महतो के पुत्र 25 वर्षीय नीतीश कुमार के रूप में हुई है. घायलों में रमौली के रामनगेश महतो के पुत्र संतोष कुमार उर्फ विलोचन व सरयुग राय के पुत्र पुकार राय शामिल हैं. घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बांस-बल्ला लगाकर मौके पर ही सड़क जाम कर दिया. सूचना पर चकमेहसी व कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची. इस दौरान बिहार सरकार के भूमि राजस्व मंत्री संजय सरावगी का काफिला भी पहुंच गया, जिसे ग्रामीणों ने रोक दिया. मंत्री वाहन से उतर कर परिजन की मांगों को सुन कर उचित मदद का भरोसा दिलाया. तब जाकर वाहन को लोगों ने जाने दिया. सड़क जाम तीन घंटे तक रहा. इस दौरान लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. थानाध्यक्ष संतोष कुमार यादव का बताना है कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया है. दो अन्य को इलाज के लिए भेजा गया है. मौके से दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










