जवानों को बंधक बना कर 50 करोड़ रुपये की मूर्तियां लूटीं

सरायरंजन (समस्तीपुर) : डकैतों ने बुधवार की रात नरघोघी मठ पर धावा बोल गृहरक्षा वाहिनी के जवानों को बंधक बनाकर 14 मूर्तियां लूट लीं. सोने व अष्टधातु से बनीं इन मूर्तियों का वजन 2.80 क्विंटल होगा. इसकी कीमत 50 करोड़ रुपये से अधिक बतायी जा रही है. गुरुवार की अहले सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस […]
सरायरंजन (समस्तीपुर) : डकैतों ने बुधवार की रात नरघोघी मठ पर धावा बोल गृहरक्षा वाहिनी के जवानों को बंधक बनाकर 14 मूर्तियां लूट लीं. सोने व अष्टधातु से बनीं इन मूर्तियों का वजन 2.80 क्विंटल होगा. इसकी कीमत 50 करोड़ रुपये से अधिक बतायी जा रही है.
गुरुवार की अहले सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन में जुट गयी है. मठ पर तैनात गृहरक्षक श्याम पासवान ने बताया कि बुधवार की रात मंदिर सुरक्षा की ड्यूटी उसी के जिम्मे थी. मंदिर के ठीक बगल में बने कमरे में वह दो अन्य जवानों के साथ बैठा मोबाइल देख रहा था. रात करीब एक बजे मंदिर के दक्षिणी ओर से नकाबपोश डकैत दाखिल हो गये. जब तक संभलते अपराधियों ने जवानों की रायफल उठा ली. हथियार का भय दिखाकर तीनों को सुतरी और गमछा से हाथ, पांव व मुंह बांध कर मुख्य मंदिर के बीच वाले हिस्से में लाकर छोड़ दिया. इसके बाद एक डकैत ने जवान के बिस्तर के नीचे रखी चाबी निकाल कर मंदिर के द्वार का ताला खोल लिया. सोने व अष्टधातु से निर्मित 14 मूर्तियों को उठा ले गये. सभी मूर्तियां करीब 20-20 किलो वजन की थीं. इसमें राम, सीता, लक्ष्मण, कृष्ण, राधा, हनुमान आदि भगवानों की मूर्तियां शामिल हैं. मूर्तियों को निकालने के बाद मंदिर के उत्तरी दिशा में अवस्थित छोटे दरवाजे को खोल कर डकैत बाहर निकल गये. जवानों ने किसी तरह खुद को बंधनमुक्त कर शोर मचाया. करीब 45 मिनट बाद मंदिर के महंथ बजरंगी दास की नींद खुली, तो उन्हें घटना की सूचना दी. घटना के चार घंटे बाद ग्रामीणों की मदद से जवानों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी. इसके बाद डीएसपी मो. तनवीर अहमद समेत आसपास के आधा दर्जन थाने की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर जांच की. इस क्रम में डीएसपी ने जवानों की रायफल मंदिर परिसर, महंत आवास के निकट अवस्थित कुएं व बाहर सूखे कुएं से बरामद की.
जांच में जुटा डॉग स्क्वायड
घटना की जांच के लिए जिला पुलिस कल्याणपुर से खोजी कुत्ते को मंगा कर जांच में जुटी है. हालांकि घटना के 10 घंटे बाद भी पुलिस को कोई अहम सफलता हाथ नहीं लगी है. मंदिर में लगा सीसीटीवी कैमरा बंद होने के कारण पुलिस को मायूसी हाथ लगी है.
महंत समेत चार हिरासत में
जांच के लिए पहुंचे एसपी दीपक रंजन ने शंका के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लिया है. इनमें मठ के महंत बजरंगी दास भी शामिल हैं. इनके अलावा तीन अन्य स्थानीय ग्रामीण बताये जा रहे हैं. पुलिस फिलहाल जांच प्रभावित होने का हवाला देकर नाम बताने से परहेज कर रही है.
बोले अधिकारी
नरघोघी मठ में हुई लूट की जांच की जा रही है. चार लोगों को हिरासत में लिया गया है. जल्द ही लुटेरों की पहचान कर ली जायेगी.
दीपक रंजन, पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










