आपसी विवाद में पत्नी की हत्या कर फंदे से लटक गया पति

Updated at : 11 Mar 2026 6:18 PM (IST)
विज्ञापन
आपसी विवाद में पत्नी की हत्या कर फंदे से लटक गया पति

प्रखंड के बनगांव थाना क्षेत्र में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गयी.

विज्ञापन

कहरा. प्रखंड के बनगांव थाना क्षेत्र में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गयी. जानकारी के अनुसार, आपसी विवाद के बाद पति ने पहले पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही बनगांव थाना पुलिस व एसडीपीओ आलोक कुमार मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम को बुलाकर मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जानकारी के अनुसार, बनगांव वार्ड संख्या 17 निवासी स्व विपत खां के 37 वर्षीय पुत्र रमन खां दिल्ली में रहकर प्राइवेट काम करते थे. होली के अवसर पर वह अपनी पत्नी के साथ 21 फरवरी को अपने घर बनगांव आये थे. गुरुवार रात भोजन करने के बाद परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गये. देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. सुबह जब घर के अन्य लोग जागे तो कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सन्न रह गये. कमरे में रमन खां की 32 वर्षीय पत्नी सोनी देवी का खून से लथपथ शव जमीन पर पड़ा था. उसके माथा, गर्दन सहित शरीर के कई हिस्सों पर कटने के निशान थे. वहीं रमन खां उसी कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया. परिजनों को आशंका है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और बाद में खुद आत्महत्या कर ली.

पति-पत्नी के बीच आये दिन होता रहता था विवाद

परिजनों ने बताया कि रमन खां और सोनी देवी के बीच अक्सर आपसी विवाद होता रहता था. कई बार विवाद इतना बढ़ जाता था कि मारपीट की नौबत भी आ जाती थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों अपने बच्चों के साथ-साथ ही रह रहे थे. बताया जाता है कि रमन खां दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में रहने के दौरान लखनऊ निवासी बच्चू सिंह की पुत्री सोनी कुमारी से प्रेम करने लगा था. बाद में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया. शादी के बाद उनके दो बेटियां और एक बेटा हुआ. रमन खां दिल्ली के जैतपुर में रहकर प्राइवेट काम करता था और वहीं अपने परिवार के साथ रहता था. बीच-बीच में वह अपने पैतृक गांव बनगांव भी आता-जाता रहता था. इधर घटना की सूचना मिलते ही बनगांव गांव में शोक और दहशत का माहौल बन गया. मौके पर पहुंचे एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. एफएसएल टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.

हत्या में प्रयुक्त हथियार पुलिस को नहीं हुआ बरामद

घटना स्थल से पुलिस व एफएसएल की टीम को जांच में महिला की गला काटकर हत्या तो की गयी और महिला के पति का फंदे लटका शव भी बरामद किया गया, लेकिन सबसे अहम बात यह है कि घटना स्थल से हत्या में प्रयुक्त कोई भी हथियार पुलिस के हाथ नहीं लगा है. स्थानीय लोगों द्वारा भी इस हत्या और आत्महत्या के पीछे किसी अन्य के द्वारा दोनों की हत्या कर देने का भी कयास लगाया जा रहा है. लोगों का कहना है कि पति के न हाथ पर खून लगा था और न ही उसके तलवे में ही खून लगने का निशान था. यदि पति अपनी पत्नी की हत्या करता तो उसके हाथ व पैर में महिला के खून का निशान मिलता. इतना ही नहीं पत्नी की हत्या करने के बाद पति हथियार छिपाकर खुदकुशी नहीं करता. वैसे यह पुलिस अनुसंधान का विषय है. जो जिला पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होगी.

विज्ञापन
Dipankar Shriwastaw

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन