गरमी का सितम जारी. गरम हवा के थपेड़ों से बच्चों का बुरा हाल
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :14 Apr 2016 3:42 AM (IST)
विज्ञापन

लू से जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त लगातार बढ़ रही गरमी ने लोगों को परेशान कर दिया है. स्कूल खुले होने से बच्चों को भी परेशानी हो रही है. सहरसा नगर : हाय! ये गरमी… टेंपरेचर 41 पार. गरमी से बेहाल जिलेवासियों का दिन कुछ ऐसे ही शब्दों के बीच गुजर रहा है. गरमी इस कदर कहर […]
विज्ञापन
लू से जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त
लगातार बढ़ रही गरमी ने लोगों को परेशान कर दिया है. स्कूल खुले होने से बच्चों को भी परेशानी हो रही है.
सहरसा नगर : हाय! ये गरमी… टेंपरेचर 41 पार. गरमी से बेहाल जिलेवासियों का दिन कुछ ऐसे ही शब्दों के बीच गुजर रहा है. गरमी इस कदर कहर बरपा रही है मानो सूर्य अपनी सारी ऊर्जा इसी साल खर्च करने के मूड में हो. सूर्य की चमक ऐसी जैसे सूर्योदय से ही दोपहर का अहसास हो रहा है. हवा अपने साथ भट्ठी लेकर घूम रही है.
जहां से गुजरे जलने का आभास करा जाये. लू की मार ऐसी मानों घर से निकलना चुनौती बन गया है. मंगलवार को सहरसा का तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहा. लोग बताते है कि बीते वर्षों में मंगलवार सबसे गर्म दिन रहा. मौसम विभाग ने अप्रैल के शुरुआती दिनों में ही इसकी संभावना व्यक्त कर दी थी. विभाग के अनुसार अभी पारा लगातार 42 के आस-पास रहेगा. बुधवार को दिन भर आसमान साफ रहा और धूप की वजह से प्रचंड गरमी रही. दोपहर में दो बजे के करीब गर्म हवा चलने की वजह से लू का भी अहसास हुआ.
आसमान से बरस रहे शोले : तेज धूप व पछिया हवा का झोंका लोगों को झुलसा रहा है. मानों सूर्य देव आग का गोला बरसा रहे हैं. आलम यह है कि सुबह से देर शाम तक लोग घरों में ही दुबकने को विवश हो रहे हैं. दिन के 8 से 9 बजते ही आसमान से सूर्य की रोशनी शोले बरसाने लगती है. स्कूली बच्चों को घर आने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
वीरान सड़क, परेशान लोग: गरमी के कहर ने लोगों की दिनचर्या बदल दी है. लोग अहले सुबह ही काम निबटा कर घर में दुबकने को विवश हो रहे हैं. 10 बजते-बजते सड़क पर वीरानी छा जा रही है. दोपहर को बाहर निकलने की जहमत कोई उठाने को तैयार नहीं है. निकलने पर चेहरे पर गमछा, डिक्की में पानी की बोतल लेना नहीं भूल रहे हैं. शाम पांच बजे लू के थपेड़े लोगों को परेशान कर रहे हैं. देर रात तक गरमी से लोगों को राहत नहीं मिल रही है.
लू ग्रस्त के इलाज पर दें विशेष ध्यान : कोसी क्षेत्र इन दिनों जबरदस्त गरमी की चपेट में है. विशेष रूप से सहरसा की हालत सबसे बुरी है. इन इलाकों में लू ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है. लोग समय पर अपना कार्यालय भी नहीं पहुंच रहे है. दैनिक कार्य भी बाधित हो रही है. गरमी की बढ़ती हुई शिद्दत एवं लू लगने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए डॉक्टर बचाव की सलाह दे रहे है. डॉक्टर बताते है कि तेज धूप में निकलने से पहले चेहरे को ढ़क ले व पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन कर ले. इसके अलावा दोपहर में ग्लूकोज पीने की आदत भी डाले.
घर से निकलना हुआ मुश्किल
खीरा-तरबूज की बिक्री बढ़ी
शहर में सड़क किनारे जगह जगह खीरा और तरबूज का स्टाल सजने लगा है. लोग प्यास बुझाने के लिये इन स्टॉलों पर आने लगे हैं. तरह तरह के शीतल पेय भी बाजार में बिकने लगे हैं. बेल के शरबत की भी बिक्री बढ़ी है. कोल्ड ड्रिंक्स की खपत भी बढ़ गयी है. सत्तू की दुकान में भी भीड़ बढ़ी है.
चुनाव प्रचार में परेशानी: पंचायतों में गर्मी बढ़ते ही चुनाव प्रचार में प्रत्याशियों के पसीने छूटने लगे हैं. अधिकांश प्रत्याशी सुबह और शाम के समय में ही घर- घर दस्तक देकर चुनाव प्रचार करने लगे हैं. दिन के 12 बजते ही प्रत्याशी घरों में दुबक जाते है. पूछने पर बताते है कि चुनाव की रणनीति बनायी जा रही है.
पेयजल की समस्या
शहर में घरों में जलापूर्ति नहीं होने व सड़क किनारे पियाउ नहीं रहने के कारण लोग बोतल बंद पानी पीने को मजबूर हैं. गरमी में शहर में ठेला पर 20 किलो के जार में पानी बिक रहा है. यही पानी लोगों के प्यास बुझाने का सहारा बना है. शहर में सार्वजनिक स्थलों पर चापाकल देने की योजना हवाहवाई साबित हो रही है.
बस स्टैंड में परेशानी : गरमी के कारण शहर के मुख्य बस स्टैंड सहित रिफ्युजी चौक, सिमरी स्टैंड में यात्रियों को बसों का इंतजार करने में काफी परेशानी हो रही है. शेड की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बस स्टैंड पर लोगों को आसपास के दुकानों में घुसकर धूप से बचना पड़ता हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




