कोलकाता की सड़कों पर मोदी मैजिक, 2 किमी लंबे रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, शोभा बाजार में गूंजा जय श्रीराम, देखें Photos
कोलकाता में रोड शो करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी.
PM Modi Kolkata Road Show: प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर कोलकाता के बीके पाल एवेन्यू से खन्ना क्रॉसिंग तक 2 किमी लंबा रोड शो किया. जय श्री राम के नारों और फूलों की बारिश के बीच पीएम ने ‘परिवर्तन’ का आह्वान किया.
PM Modi Kolkata Road Show 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के रण को जीतने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तर कोलकाता में अपनी ताकत झोंक दी. बीके पाल एवेन्यू से खन्ना क्रॉसिंग तक निकले 2 किलोमीटर लंबे मेगा रोड शो ने बंगाल की राजधानी को भगवा रंग में सराबोर कर दिया.

‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के बीच पीएम मोदी ने कोलकाता की जनता का अभिवादन किया. इस दौरान भाजपा के इस चुनाव के मुख्य नारे ‘पोलटनो दरकार, चाई भाजपा सरकार’ (परिवर्तन के लिए भाजपा सरकार जरूरी है) की गूंज हर तरफ सुनाई दी.

प्रधानमंत्री का रोड शो शाम के वक्त जब शुरू हुआ, तो नजारा देखने लायक था. मोदी एक विशेष भगवा रंग के वाहन पर सवार थे. इसे गेंदे के फूलों, उनकी विशाल तस्वीरों और भाजपा के चुनाव चिह्न ‘कमल’ के कटआउट से भव्य तरीके से सजाया गया था.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

दो किलोमीटर की इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री लगातार हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे. सड़कों के किनारे खड़े हजारों लोगों के अलावा घरों की बालकनी और खिड़कियों पर भी लोग पीएम की एक झलक पाने को बेताब दिखे.

रोड शो बीके पाल एवेन्यू से शुरू होकर ऐतिहासिक शोभा बाजार होते हुए खन्ना क्रॉसिंग पर समाप्त हुआ. सड़कों पर मौजूद लोग अपने मोबाइल फोन से पीएम की तस्वीरें उतारते दिखे. कई समर्थक हाथ में तख्तियां और बैनर लिये थे, जिन पर प्रधानमंत्री की प्रशंसा में नारे लिखे थे.

भीड़ का दबाव इतना अधिक था कि एसपीजी (SPG), कोलकाता पुलिस की विशेष शाखा और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों को सुरक्षा घेरा बनाये रखने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. जैसे-जैसे पीएम का काफिला आगे बढ़ रहा था, ‘मोदी-मोदी’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा.

29 अप्रैल को होने वाले दूसरे और अंतिम चरण के मतदान से पहले भाजपा ने अपना प्रचार अभियान पूरी तरह से तेज कर दिया है. उत्तर कोलकाता की इन सीटों पर भाजपा अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है. सोमवार शाम को प्रचार का शोर थम जायेगा, जिससे पहले भाजपा ने इस रोड शो के जरिये कोलकाता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करायी है.
इसे भी पढ़ें
बंगाल चुनाव 2026: इन 8 जिलों में दूसरे चरण में होगी वोटिंग, वोटर्स का पूरा डिटेल यहां पढ़ें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए