खेल मैदान में गूंजी आदिवासी युवाओं की प्रतिभा, पप्पू यादव ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
खिलाड़ियों से परिचय करते सांसद पप्पू यादव | Prabhat Khabar Network
पूर्णिया के बाघमारा में 47वीं फुटबॉल चैंपियनशिप और खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें सांसद पप्पू यादव ने शिरकत की. उन्होंने ग्रामीण और आदिवासी युवाओं की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया और उनके उत्साह को बढ़ाया.
पूर्णिया : खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण एवं आदिवासी युवाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से के.नगर प्रखंड के बाघमारा स्थित झीलटोला फुटबॉल मैदान में 47वीं फुटबॉल चैंपियनशिप एवं अन्य खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव शामिल हुए.
आपके शहर में
प्रतियोगिता का आयोजन पूर्णिया प्रमंडल आदिवासी छात्र एवं युवा समिति की ओर से किया गया. मैदान में पहुंचने पर सांसद ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और हाथ मिलाकर उनका परिचय लिया. उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया.
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है. खेल के माध्यम से अनुशासन, एकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना विकसित होती है. ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर देती हैं.
उन्होंने कहा कि पूर्णिया और सीमांचल क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन मिले. खासकर आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों के युवा खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं. ऐसे आयोजनों से उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर मिलता है.
सांसद ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है. मैदान में पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने युवाओं से खेल के साथ शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग रहने की अपील की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अरुण कुमार
अरुण कुमार प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर के पूर्णिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








