ट्रक से 450 टीन रिफाइन तेल गायब, फारबिसगंज-जोगबनी तक जांच, चालक से पूछताछ जारी
सांकेतिक तस्वीर
करियात गांव के पास लावारिस मिली रिफाइन तेल से लदी ट्रक से 450 टीन तेल गायब मिलने से हड़कंप मच गया है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और चालक से पूछताछ जारी है.
जलालगढ़. थाना क्षेत्र के करियात गांव के समीप 1500 टीन स्वास्तिक रिफाइन तेल लदा ट्रक लावारिस अवस्था में मिलने के बाद जलालगढ़ पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस के अनुसार ट्रक से करीब 450 टीन रिफाइन तेल गायब मिले हैं. वाहन के ऊपर लगा त्रिपाल भी आधा खुला हुआ था.
जोगबनी से कोलकाता के लिए रवाना हुआ था ट्रक
जानकारी के अनुसार 14 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे अररिया जिले के जोगबनी स्थित राजधानी ट्रांसपोर्ट एंड कार्गो से ट्रक संख्या डब्ल्यूबी 03 सी 6665 में 1500 टीन स्वास्तिक रिफाइन तेल लोड किया गया था. ट्रक को जोगबनी से कोलकाता के लिए रवाना किया गया था.
करियात गांव के पास लावारिस मिला वाहन
15 अगस्त की अहले सुबह ट्रक जलालगढ़ थाना क्षेत्र के करियात गांव के समीप गांव की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर लावारिस अवस्था में मिला. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक की जांच की, जिसमें करीब 450 टीन तेल गायब पाया गया.
ट्रांसपोर्ट संचालक ने दर्ज कराई प्राथमिकी
ट्रक के लावारिस मिलने के बाद पुलिस ने चालक और ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू की. राजधानी ट्रांसपोर्ट के मालिक विजय कुमार चौधरी की ओर से 16 अगस्त को जलालगढ़ थाना में आवेदन दिया गया. इसके आधार पर जलालगढ़ थाना कांड संख्या 175/26 दर्ज किया गया है.
चालक से लगातार पूछताछ, सहयोगी का नाम सामने आया
पुलिस ट्रक चालक राजू यादव से पूछताछ कर रही है. पूछताछ के दौरान उसने अपने एक सहयोगी संतोष कुमार के नाम की जानकारी दी. पुलिस के अनुसार दोनों गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंझेलीकला गांव के निवासी बताए गए हैं. संतोष कुमार से भी पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है.
फारबिसगंज और जोगबनी में भी छापेमारी
मामले की जांच के दौरान जलालगढ़ पुलिस की ओर से अररिया जिले के फारबिसगंज और जोगबनी क्षेत्र में भी छापेमारी किए जाने की जानकारी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक करियात गांव तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और तेल कब तथा कैसे गायब हुआ.
वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही पुलिस
जलालगढ़ थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि चालक समेत संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि जांच के क्रम में फारबिसगंज और जोगबनी क्षेत्र में भी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मामले की वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से भी जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निकेश कुमार
निकेश कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. जलालगढ़ (पूर्णिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








