ब्रांडेड सिगरेट के नाम पर फर्जीवाड़ा, गुलाबबाग में नकली सिगरेट का जखीरा बरामद : 3 गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान जांच करते सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर व जब्त सिगरेट | Prabhat Khabar Network
पूर्णिया में ब्रांडेड सिगरेट के नाम पर चल रहे नकली सिगरेट के बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश। पुलिस ने छापेमारी कर 3 लोगों को हिरासत में लिया और भारी स्टॉक जब्त किया।
पूर्णिया : सदर थाना क्षेत्र के गुलाबबाग राम मोहिनी चौक और आसपास के इलाकों में नामी कंपनी के नाम पर नकली सिगरेट बेचने के बड़े मामले का खुलासा हुआ है. कंपनी की शिकायत पर सदर थाना पुलिस और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रथम अभिनव पाराशर के नेतृत्व में विभिन्न दुकानों और गोदामों में छापेमारी की गयी. कार्रवाई के दौरान करीब 35 से 40 हजार पीस नकली सिगरेट बरामद होने की बात सामने आयी है. मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
पैकेजिंग में मामूली बदलाव कर बेची जा रही थी नकली सिगरेट
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिनव पाराशर ने बताया कि कंपनी की विशेष टीम से सूचना मिली थी कि गुलाबबाग क्षेत्र की कुछ दुकानों में नामी कंपनी के ब्रांड से मिलते-जुलते नाम और पैकेजिंग का इस्तेमाल कर नकली सिगरेट बेची जा रही है. सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने राम मोहिनी चौक के आसपास दुकानों और संदिग्ध गोदामों में छापेमारी शुरू की.
एक दुकान से करीब 13,500 पीस नकली सिगरेट बरामद की गयी. इसके अलावा अन्य दुकानों और गोदामों से भी बड़ी मात्रा में नकली सिगरेट मिली है. बरामद सिगरेट की गिनती और जांच की प्रक्रिया जारी है.
तीन लोग हिरासत में, फरार आरोपितों की तलाश
पुलिस ने मामले से जुड़े तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं, कुछ कारोबारी छापेमारी की सूचना मिलते ही गोदाम में ताला लगाकर फरार हो गये. पुलिस फरार लोगों की तलाश में जुटी है. संदिग्ध गोदामों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गयी है.
कई जिलों में आपूर्ति की आशंका
कंपनी के दिल्ली प्रतिनिधि जगमीत सिंह रंधावा ने बताया कि पिछले कई महीनों से गुलाबबाग के थोक बाजार से आसपास के कई जिलों में नकली सिगरेट की आपूर्ति किये जाने की जानकारी मिल रही थी. इस संबंध में एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन से शिकायत की गयी थी. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की.
नामी ब्रांड से मिलते-जुलते नाम रखकर बिक्री
कंपनी प्रतिनिधि के अनुसार, कंपनी के दो प्रमुख ब्रांड के नाम से मिलते-जुलते नाम का इस्तेमाल कर नकली सिगरेट बाजार में उतारी गयी थी. चार्म्स से मिलता-जुलता नाम 'चान्सेस' और टोटल से मिलता-जुलता नाम 'टोटल्स' रखकर इनकी बिक्री किये जाने की बात सामने आयी है.
कंपनी प्रतिनिधि का दावा है कि इस तरह के नकली उत्पादों की बिक्री से सरकार को मिलने वाले कर में भी भारी नुकसान होता है. उन्होंने यह भी कहा कि नकली सिगरेट में इस्तेमाल होने वाले निकोटीन और अन्य रसायनों की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने के कारण इनके सेवन से स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकास वर्मा
विकास वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








