33 साल पुराना है बाबा कोहबरानाथ धाम, सावन में उमड़ता है आस्था का सैलाब

Updated:
विज्ञापन

बाबा कोहबरानाथ महादेव मंदिर | Prabhat Khabar Network

पूर्णिया के बाबा कोहबरानाथ महादेव मंदिर में सावन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। जानिए इस प्राचीन मंदिर की महिमा और आस्था से जुड़ी खास बातें।

विज्ञापन

पूर्णिया पूर्व : पूर्णिया पूर्व प्रखंड के वियारपुर पंचायत के धनगामा गांव स्थित बाबा कोहबरानाथ महादेव मंदिर क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र है. धनगामा शिव मंदिर के नाम से प्रसिद्ध इस मंदिर में सावन के महीने में हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं. सावन की सोमवारी पर मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटने लगती है.

आपके शहर में

विज्ञापन

स्वप्न में मिला था मंदिर स्थापना का संकेत

ग्रामीण चंदन कुमार ने बताया कि बाबा कोहबरानाथ महादेव मंदिर की स्थापना वर्ष 1993 में हुई थी. ग्रामीणों के अनुसार गांव के पंडित जी महंत कुंवर को स्वप्न के माध्यम से बाबा कोहबरानाथ की स्थापना का संकेत मिला था. इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से यहां शिव मंदिर का निर्माण कराया गया. वर्ष 2026 में मंदिर का 33वां स्थापना दिवस मनाया गया.

सावन में गूंजता है हर-हर महादेव

सावन की प्रत्येक सोमवारी को मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है. भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हैं. आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज से भी श्रद्धालु पैदल और वाहनों से मंदिर पहुंचते हैं. इस दौरान मंदिर परिसर बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठता है.

महाशिवरात्रि पर भी होता है विशेष आयोजन

महाशिवरात्रि सहित अन्य धार्मिक अवसरों पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और शिव चर्चा का आयोजन किया जाता है. इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं और मंदिर परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहता है.

कई गांवों के लोगों की जुड़ी है आस्था

बाबा कोहबरानाथ मंदिर की आस्था धनगामा तक सीमित नहीं है. चांदी, वियारपुर, हरदा सहित आसपास के कई गांवों के लोग नियमित रूप से यहां पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं. स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के सहयोग से मंदिर की व्यवस्था और देखरेख की जाती है. भक्तों का मानना है कि बाबा कोहबरानाथ के दरबार में सच्चे मन से मांगी गयी मुराद पूरी होती है. यही विश्वास इस मंदिर को क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में खास पहचान दिलाता है.

Ranipatra | Prabhat Khabar Network
Ranipatra | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन
Raj Kr Choudhary

लेखक के बारे में

By Raj Kr Choudhary

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन