पंचायत सरकार भवन के निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, संवेदक ने किया इनकार
Published by : Abhishek Bhaskar Updated At : 08 Jun 2026 5:45 PM
केनगर प्रखंड क्षेत्र की झुन्नी इस्तेम्बरार पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है.
केनगर. केनगर प्रखंड क्षेत्र की झुन्नी इस्तेम्बरार पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितता बरतने व निर्माणाधीन सड़क के किनारे से मिट्टी काटकर भवन परिसर में भराई करने का आरोप लगाया है. इस संबंध में संवेदक मो आजाद ने ग्रामीणों द्वारा लगाये गये सभी आरोपों को निराधार बताया है. उनका कहना है कि निर्माणाधीन सड़क से किसी प्रकार की मिट्टी नहीं उठाई गयी है और पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है. इधर, स्थानीय समाजसेवी मो अखलाक ने आरोप लगाया कि पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्य में मिट्टी भराई के लिए निर्धारित प्रावधानों का पालन नहीं किया जा रहा है. उनका आरोप है कि जेसीबी मशीन की सहायता से पंचायत सरकार भवन के सामने निर्माणाधीन सड़क के किनारे स्थित मिट्टी के टाल से मिट्टी उठाकर भराई की जा रही है. इससे सड़क निर्माण कार्य प्रभावित होने की आशंका है. उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सड़क के किनारे से लगातार मिट्टी की कटाई की जाती रही तो भविष्य में सड़क की गुणवत्ता और मजबूती पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. उन्होंने निर्माण कार्य में व्यापक अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रखंड प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. इस मौके पर मो तस्कीन, मो रहमान, मो मुंतजिर, मो मुस्ताक के साथ दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










