मजहब की दीवार भी नहीं तोड़ पाई प्यार का रिश्ता, धनबाद के विपुल ने लीं राहत प्रवीण के साथ सात फेरे

विवाह के मंडप में बैठे युवक और युवती
Dhanbad love marriage: धनबाद के निरसा में एक अनोखा अंतरधार्मिक विवाह हुआ है. बिहार के नवादा की राहत प्रवीण ने निरसा के विपुल मंडल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से शादी रचाई है. यह लव स्टोरी सोशल मीडिया पर शुरू हुई थी जो आज सात फेरों में जाकर खत्म हुई. पूरी खबर पढ़ें.
Dhanbad love marriage, धनबाद : धनबाद के निरसा क्षेत्र अंतर्गत आंखद्वारा में इन दिनों एक अंतरधार्मिक प्रेम विवाह पूरे इलाके में कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है. यहां के स्थानीय निवासी विपुल मंडल ने बिहार के नवादा जिले की रहने वाली राहत प्रवीण के साथ धर्म और जाति की दीवारों को तोड़कर हिंदू रीति-रिवाज से विवाह रचा लिया है. दोनों का कहना है कि उन्होंने यह ऐतिहासिक फैसला किसी दबाव में नहीं, बल्कि अपनी मर्जी और आपसी सहमति से लिया है.
सोशल मीडिया पर शुरू हुई थी लव स्टोरी
जानकारी के अनुसार, विपुल मंडल और राहत प्रवीण की कहानी वर्ष 2023 में शुरू हुई थी. इंटरनेट के माध्यम से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में आए. धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर शुरू हुआ बातचीत का यह सिलसिला गहरी दोस्ती में बदल गया और फिर दोनों एक-दूसरे को अपना दिल दे बैठे. धर्म, जाति और सामाजिक बंधनों से ऊपर उठकर दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामने और जीवनभर साथ निभाने का अटूट फैसला कर लिया.
Also Read: हजारीबाग के 500 आउटसोर्सिंग कर्मियों को तीन महीने से वेतन नहीं, परेशानी बढ़ी
वैदिक मंत्रोच्चार और सिंदूरदान के साथ संपन्न हुआ विवाह
निरसा के आंखद्वारा में आयोजित यह अनोखा विवाह समारोह पूरी तरह से सनातन परंपरा के अनुसार संपन्न हुआ. विवाह के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वर-वधू ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई. इसके बाद सिंदूरदान और सात फेरों की रस्म भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाई गई. इस अनूठे विवाह के साक्षी बने स्थानीय लोगों ने नवदंपति पर फूलों की बारिश की और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की.
स्थानीय बुद्धिजीवियों ने बताया मिसाल
शादी के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राहत प्रवीण और विपुल मंडल ने स्पष्ट किया कि यह विवाह किसी भी प्रकार के सामाजिक या पारिवारिक दबाव का परिणाम नहीं है. राहत प्रवीण ने बेहद मजबूती से कहा कि वे विपुल से प्रेम करती हैं और उन्होंने अपनी स्वेच्छा से सनातन धर्म की परंपराओं को अपनाकर यह विवाह किया है. नवदंपति ने बताया कि वे अपने आगे का जीवन आपसी सम्मान, प्रेम और अटूट विश्वास के साथ बिताना चाहते हैं. स्थानीय बुद्धिजीवियों ने इस विवाह को सामाजिक सौहार्द और आपसी समरसता की एक खूबसूरत मिसाल बताया है.
Also Read: देवघर में 12.02 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Satish Singh
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










