व्हाइट-बॉल में शर्मनाक प्रदर्शन पर BCCI सख्त, गंभीर और श्रेयस से मांगा जाएगा जवाब
गौतम गंभीर और श्रेयस अय्यर (फोटो-सोशल मीडिया)
भारत के इंग्लैंड और आयरलैंड के व्हाइट-बॉल क्रिकेट में खराब प्रदर्शन के बाद BCCI एक अहम समीक्षा बैठक कर रहा है. इस बैठक में मुख्य कोच गौतम गंभीर और टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर से प्रदर्शन पर जवाब मांगा जाएगा.
भारत के इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर व्हाइट-बॉल क्रिकेट में खराब प्रदर्शन के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) एक अहम समीक्षा बैठक करने जा रहा है. स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, जिम्बाब्वे दौरे के समाप्त होने के बाद मुंबई स्थित बीसीसीआई ऑफिस में यह मीटिंग होगी.
रिपोर्ट के अनुसार, इस बैठक में टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर, मुख्य कोच गौतम गंभीर, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण, राष्ट्रीय चयन समिति और बीसीसीआई के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे. फिलहाल लक्ष्मण जिम्बाब्वे दौरे पर टीम के साथ बतौर कोच मौजूद हैं.
हार के कारणों पर होगी चर्चा
भारत ने इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर लगातार निराशाजनक प्रदर्शन किया. टीम छह टी20 अंतरराष्ट्रीय और दो वनडे मुकाबले हार गई. ऐसे में बीसीसीआई इस खराब प्रदर्शन के कारणों का आकलन करना चाहता है.
रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक में टीम चयन, रणनीति, विदेशी परिस्थितियों में प्रदर्शन और 2027 वनडे विश्व कप तक की रोडमैप पर विस्तार से चर्चा होगी. हालांकि फिलहाल किसी बड़े बदलाव या जल्दबाजी में फैसला लेने की संभावना नहीं है.
गंभीर और श्रेयस पर कितना है दबाव?
रिपोर्ट में कहा गया है कि बीसीसीआई ने सार्वजनिक रूप से टीम प्रबंधन का समर्थन किया है, लेकिन लगातार सीरीज हारने से बोर्ड के भीतर चिंता बढ़ी है. मुख्य कोच गौतम गंभीर का कार्यकाल 2027 तक है और उनके नाम दो आईसीसी खिताब भी हैं. ऐसे में फिलहाल उनकी कुर्सी पर कोई तत्काल खतरा नहीं माना जा रहा है, हालांकि उन पर बेहतर प्रदर्शन का दबाव जरूर बढ़ गया है.
वहीं, टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर को भी शुरुआती दौर का लाभ मिल सकता है, क्योंकि इंग्लैंड दौरे पर टीम कई चोटों से जूझ रही थी. हालांकि यदि बीसीसीआई को लगता है कि कप्तानी को लेकर लिया गया फैसला अपेक्षित परिणाम नहीं दे रहा है, तो यह समीक्षा बैठक उनके लिए पहली बड़ी चेतावनी साबित हो सकती है.
ये भी पढ़ें: T20I में भारत ने रचा इतिहास, एक साल में 9वीं बार बनाया 200+ स्कोर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए