मक्का में तेजी से गुलजार हुई गुलाबबाग पूर्णिया मंडी, 2150 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचा भाव
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 15 Jun 2026 7:04 AM
सांकेतिक तस्वीर
Gulabbagh Purnia Mandi: गुलाबबाग मंडी में मक्का बना किसानों और कारोबारियों की पहली पसंद! दाम बढ़ते ही तेज हुई आवक, जानिए आज का ताजा बाजार भाव"
पूर्णिया से सत्येन्द्र सिन्हा गोपी की रिपोर्ट.
Gulabbagh Purnia Mandi: पूर्णिया की एशिया प्रसिद्ध गुलाबबाग मंडी में मक्का का बाजार इन दिनों गर्म है. रविवार को छुट्टी का दिन होने के बावजूद मंडी में अच्छी चहल-पहल देखने को मिली और कारोबार भी सामान्य दिनों की तरह चलता रहा. मक्का के दाम में हाल के दिनों में आई तेजी ने किसानों और कारोबारियों दोनों का उत्साह बढ़ा दिया है. कारोबारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में मांग और बढ़ी तो मक्का के भाव में और उछाल देखने को मिल सकता है.
मक्का की मांग बढ़ी, बाजार में लौट रही रौनक
गुलाबबाग मंडी के कारोबारी रंजीत सिंह बताते हैं कि दूसरे राज्यों में मक्का की मांग धीरे-धीरे बढ़ रही है. इसका सीधा असर पूर्णिया के बाजार पर भी दिखाई दे रहा है. रविवार को सुपर क्वालिटी मक्का का भाव 2140 से 2150 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया. दाम बढ़ने के साथ ही मंडी में मक्का की आवक भी तेज हो गई है. किसान बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद में बड़ी मात्रा में मक्का लेकर मंडी पहुंच रहे हैं.
गेहूं का बाजार अब भी सुस्त
जहां मक्का के बाजार में तेजी का माहौल है, वहीं गेहूं का कारोबार अभी भी दबाव में बना हुआ है. कारोबारियों के अनुसार गेहूं की मांग अपेक्षाकृत कमजोर है, जिसके कारण इसके भाव में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा. रविवार को गेहूं का अधिकतम भाव 2550 रुपये और न्यूनतम भाव 2470 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया.
दाल और सरसों के बाजार में भी मजबूती
मंडी में दलहन और तिलहन के बाजार में भी मजबूती बनी हुई है. अरहर दाल का भाव 10600 से 14500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रहा, जबकि मूंग दाल 9540 से 9600 रुपये प्रति क्विंटल तक बिकी. पीली सरसों का भाव 7300 से 7800 रुपये और काली सरसों का भाव 6800 से 7400 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया.
आलू-प्याज में नरमी, लहसून के दाम ऊंचे
रविवार को आलू का भाव 550 से 850 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रहा, जबकि प्याज 1600 से 1800 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका. दूसरी ओर लहसून के दाम 5300 रुपये से लेकर 9000 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज किए गए, जो इसकी गुणवत्ता और आवक पर निर्भर रहे.
कारोबारियों की नजर अब अगले सप्ताह पर
गुलाबबाग मंडी के कारोबारियों का मानना है कि यदि दूसरे राज्यों से मक्का की मांग इसी तरह बनी रही तो आने वाले सप्ताह में कीमतों में और तेजी देखने को मिल सकती है. फिलहाल मंडी में सबसे अधिक चर्चा और उम्मीद मक्का के बाजार को लेकर ही है.
इसे भी पढ़ें: ‘एक भाई जेल में, दूसरे की मौत’, प्रिंस यादव की मौत पर भड़के पप्पू यादव, बोले- हत्यारों पर तुरंत हो कार्रवाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










