अभियान चला मुक्त करायी गयी सड़क की अतिक्रमित जमीन, चला बुल्डोजर

चला बुल्डोजर
पूर्णिया. शहर में अभियान चला कर सड़क की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया. इस अभियान के तहत फोर्ड कंपनी से रेणु पार्क लाइन बाजार तक सड़क के दोनों तरफ सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाया गया. कई जगह लोगों ने खुद भी अपनी दुकानें हटायी और प्रशासन को सहयोग किया. इस दौरान इस दौरान न केवल दुबारा अतिक्रमण नही करने की चेतावनी दी गयी, बल्कि उनसे जुर्माना भी वसूला गया. अभियान के तहत दुकानों से बाहर लगे शेड, बांस की जाफरी, होर्डिंग तोड़ दिए गये बल्कि सड़क किनारे ठेला व गुमटी को भी हटाए गये. अभियान का नेतृत्व सदर एसडीएम पार्थ गुप्ता कर रहे थे. गौरतलब है कि शहर की सड़कों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है. शहर के चौक-चोराहे और मुख्य सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण पर शुक्रवार को एक साथ प्रशासन का बुल्डोजर चला. शुक्रवार को नगर निगम प्रशासन बुलडोजर के साथ सड़कों पर उतरा जिससे शहर में हड़कंप मच गया. वैसे, कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई दुकानदार और अतिक्रमणकारी स्वयं ही अपना-अपना अवैध कब्जा हटाते नजर आए. इस दौरान ऐसे कई दुकानदार जो दूर से ही जेसीबी को देख कर गुमटी और बाहर लगे लोहे की सीढ़ी को हटाते दिखे. अभियान के तहत अवैध रूप से बनी अस्थाई दुकानों को हटाया गया और सड़क किनारे की जगह क्लीन की गई. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने स्वागत भी किया.
अतिक्रमणकारियों से वसूला गया जुर्माना
ज्ञात हो कि फोर्ड कंपनी चौक से पंचमुखी मंदिर होते हुए लाइन बाजार तक सड़क के दोनों तरफ सरकारी जमीन को अतिक्रमण कर कई लोगों ने दुकाने खोल रखी है तो कोई दुकान की सामग्री सड़क से सटे सजा कर रखा है. इतना ही नहीं दो मंजिले दुकान पर जाने के लिए लोहे की सीढ़ी भी वर्षों से सरकारी जमीन पर लगा रखी थी जबकि कई लोग दुकान के सामने सड़क की जमीन को पार्किंग बनाये हुए थे. ऐसे लोगों से अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ जुर्माना भी वसूला गया. एसडीएम पार्थ गुप्ता ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नगर निगम क्षेत्र में इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी. आमजन से अपील की गयी है कि वे सरकारी भूमि और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान नगर निगम के ट्रेड लाइसेंस प्रभारी भूपेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और नागरिक सुरक्षा के सदस्यगण मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




