Kaimur News : उत्पाद विभाग की हाजत से फिर फरार हुए दो शराब तस्कर, जनवरी में भी 5 भाग गए थे

Published by : Rajeev Kumar Updated At : 27 May 2026 7:33 AM

विज्ञापन

उत्पाद विभाग की अस्थायी हाजत.

Kaimur News : इसी हाजत से इसी साल जनवरी माह में भी नाबालिग समेत पांच आरोपी हाजत की खिड़की तोड़कर फरार हो गए थे.

विज्ञापन

Kaimur News : (विनोद कुमार सिंह) मोहनिया थाना क्षेत्र के समेकित चेकपोस्ट स्थित उत्पाद जांच चौकी की अस्थायी हाजत एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवालों के घेरे में आ गई है. इसी वर्ष जनवरी माह में जहां एक नाबालिग समेत पांच आरोपी हाजत की खिड़की तोड़कर फरार हो गए थे, वहीं अब 24 मई को दो शराब तस्करों के फरार होने की घटना ने उत्पाद विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है.

लगातार हो रही इन घटनाओं से यह साफ जाहिर हो रहा है कि उत्पाद विभाग की हाजत में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है. रविवार को हुई इस घटना ने लोगों को जनवरी 2026 की उस घटना की याद दिला दी, जब नए साल के मौके पर एक नाबालिग सहित पांच आरोपी हाजत से फरार हो गए थे.

अस्थायी हाजत सवालों के घेरे में, बार-बार भाग रहे आरोपी

जानकारी के अनुसार उस समय शराब तस्करी और शराब सेवन के आरोप में गिरफ्तार पांच लोगों को अस्थायी हाजत में रखा गया था. देर रात आरोपियों ने पीछे की खिड़की तोड़कर फरार होने में सफलता हासिल कर ली थी. फरार आरोपियों में रोहतास जिले के हिमांशु कुमार, चुनमुन कुमार और एक नाबालिग शराब के साथ गिरफ्तार किए गए थे, जबकि भोजपुर जिले के गुलाब सिंह एवं छोटू सिंह उर्फ बिट्टू कुमार शराब के नशे में पकड़े गए थे. मामले में उत्पाद विभाग के अधिकारी उमेश कुमार राय द्वारा मोहनिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.

रविवार को फिर दो शराब तस्कर फरार हो गए

उस दौरान उत्पाद अधीक्षक द्वारा चेकपोस्ट प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा गया था और ड्यूटी पर तैनात गार्ड पर भी कार्रवाई की गई थी. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए हाजत की खिड़कियों में लोहे की ग्रिल लगाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद दोबारा उसी तरह की घटना हो जाना विभागीय लापरवाही को उजागर करता है. रविवार को एक बार फिर शराब तस्करी के आरोप में पकड़े गए दो आरोपी हाजत की खिड़की तोड़कर फरार हो गए. खबर लिखे जाने तक दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

हाजत ड्यूटी में तैनात सभी कर्मी हो सकते निलंबित

मोहनिया समेकित चेकपोस्ट स्थित उत्पाद विभाग की हाजत से दो शराब तस्करों के फरार होने के मामले को विभाग ने गंभीरता से लिया है. जानकारी के अनुसार हाजत की सुरक्षा में तैनात सभी कर्मियों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया जाएगा.

सूत्रों के मुताबिक उत्पाद अधीक्षक द्वारा एक कमेटी का गठन कर मामले की जांच कराई जा रही है. साथ ही हाजत की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं.

क्या कहते हैं उत्पाद अधीक्षक

इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक गौतम कुमार ने बताया कि फरार दोनों तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि हाजत की सुरक्षा में तैनात कर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी. मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है तथा हाजत की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है.

Also Read: Kaimur News: एनएच-19 पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

विज्ञापन
Rajeev Kumar

लेखक के बारे में

By Rajeev Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन