कैमूर: शराब तस्करी पर नकेल के लिए पुलिस का एक्शन, नुआंव में वाहन जांच अभियान, 20 बाइक चालकों से वसूला गया हजारों का जुर्माना

बाइक सवार के कागजात की जांच करती पुलिस | Prabhat Khabar Network
नुआंव पुलिस ने शराब तस्करी रोकने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विशेष वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान 20 बाइक चालकों से 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया.
Vehicle Checking Campaign Kaimur : शराब तस्करी पर रोक लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से नुआंव पुलिस ने रविवार और सोमवार को विशेष वाहन जांच अभियान चलाया. सूर्यपुरा पुल के पास चले इस अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले 20 बाइक चालकों से कुल 20 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया.
सीमावर्ती इलाके में पुलिस की सख्ती
यूपी-बिहार सीमा क्षेत्र होने के कारण पुलिस ने सूर्यपुरा पुल के पास विशेष निगरानी अभियान चलाया. इस दौरान उत्तर प्रदेश से अखिनी पुल होते हुए गारा चौबे नहर पथ से आने वाले चारपहिया और दोपहिया वाहनों की गहन जांच की गई. शराब तस्करी की आशंका को देखते हुए संदिग्ध वाहनों की तलाशी भी ली गई.
बिना हेलमेट और कागजात वाले चालकों पर कार्रवाई
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने रामगढ़ और नुआंव की ओर आने-जाने वाले वाहनों के आरसी, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस, प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की. वहीं बिना हेलमेट और जरूरी कागजात के वाहन चलाने वाले बाइक चालकों पर जुर्माना लगाया गया.
तीन स्थानों पर लगातार चल रहा जांच अभियान
थानाध्यक्ष शांतनु कुमार ने बताया कि शराब तस्करी रोकने के लिए सूर्यपुरा पुल के अलावा बढ़ा मोड़ और अकोल्ही मोड़ के पास भी लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
पुलिस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप
मुख्य सड़क पर चल रहे जांच अभियान के दौरान कई बाइक चालक बिना हेलमेट और आवश्यक दस्तावेजों के पकड़े गए. कार्रवाई के दौरान कई लोग पुलिस जांच खत्म होने का इंतजार करते नजर आए. पुलिस की सख्ती से वाहन चालकों और शराब तस्करों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










