बिहार में एक और घूसखोर अफसर गिरफ्तार, निगरानी ने बेतिया में जिला मत्स्य पदाधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ा
Published by : ThakurShaktilochan Sandilya Updated At : 25 Aug 2025 4:07 PM
जिला मत्स्य पदाधिकारी को गिरफ्तार करके ले जाती निगरानी की टीम
Bihar News: पश्चिम चंपारण में जिला मत्सय पदाधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है. निगरानी की टीम ने कार्यालय में छापेमारी करके गिरफ्तार किया. योजना का लाभ दिलाने के एवज में घूस ले रहे थे.
बिहार में निगरानी की टीम ने एक और घूसखोर अधिकारी को गिरफ्तार किया है. पश्चिम चम्पारण जिले में यह कार्रवाई हुई है. जहां जिला मत्स्य पदाधिकारी पीयूष रंजन को कार्यालय से ही गिरफ्तार किया गया. योजना का लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वत लेते हुए निगरानी ने रंगे हाथों पकड़ा है.
एक लाख रुपए रिश्वत लेते पकड़ाए
जिला मत्स्य पदाधिकारी पीयूष रंजन को एक लाख रुपए रिश्वत लेते निगरानी की टीम ने पकड़ा है. मिली जानकारी के अनुसार, बैरिया प्रखंड के पखनाहा बाजार निवासी मुराद अनवर ने निगरानी विभाग को शिकायत की थी. जिसमें बताया गया था कि प्रधानमंत्री मत्स्य योजना के तहत मिलने वाले सब्सिडी के एवज में 1 लाख रुपए रिश्वत की मांग मत्स्य पदाधिकारी पीयूष रंजन ने की है.
योजना का लाभ देने के लिए मांगे थे पैसे
शिकायत मिलने के बाद निगरानी की टीम ने सत्यापन करके जाल बिछाया. जिला मत्स्य पदाधिकारी पीयूष रंजन को 1 लाख रुपए रिश्वत लेते ऑफिस से ही गिरफ्तार कर लिया गया. बताया जा रहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य योजना के तहत 25 लाख रुपए की योजना चलाई जाती है. जिसमें लाभुक को 10 लाख रुपए की सब्सिडी मिलती है. शिकायतकर्ता मुराद अनवर की मां को इस योजना के तहत सब्सिडी ले देना था. जिसके एवज में अधिकारी ने अनुदान की राशि का दस प्रतिशत मांगा था. सोमवार को निगरानी की टीम ने मत्स्य पदाधिकारी को गिरफ्तार किया और अपने साथ लेकर गयी.
बिहार में निगरानी का खूब चल रहा डंडा
बिहार में भ्रष्ट कर्मियों और अफसरों पर निगरानी विभाग का डंडा लगातार चल रहा है. पिछले दिनों नालंदा जिले के इस्लामपुर प्रखंड में निगरानी की टीम ने कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक कम्युनिटी मैनेजर (बीसीएम) आशुतोष कुमार को रंगे हाथों पकड़ा था. आशुतोष कुमार आशा कार्यकर्ता से बहाली कराने के एवज में 40 हजार रुपए घूस लेते पकड़े गए थे. इससे पहले भी अलग-अलग जिलों से शिकायत मिलने पर निगरानी की टीम कार्रवाई कर रही है और भ्रष्ट कर्मी पकड़े जा रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ThakurShaktilochan Sandilya
डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










