बिहार के 15 जिलों में 30 डिग्री के करीब पारा, कैमूर सबसे गर्म, जानें ठंड कब लेगी विदाई

Bihar Ka Mausam: राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में फरवरी का मौसम इस बार सामान्य से अलग दिख रहा है. कई जिलों में तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है और कैमूर राज्य का सबसे गर्म जिला बन गया है. IMD के आंकड़े बताते हैं कि तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है और महीने के अंत तक गर्मी का असर और बढ़ सकता है.
Bihar Ka Mausam: बिहार में मौसम तेजी से करवट ले रहा है. सुबह हल्की ठंड, दोपहर में गर्मी और बढ़ता तापमान बता रहा है कि सर्दी अब ज्यादा दिन की मेहमान नहीं. फरवरी का वह महीना, जो अपनी गुलाबी ठंड और खुशनुमा फिजाओं के लिए जाना जाता था, इस बार पसीने छुड़ाने की तैयारी में है.
आलम यह है कि राज्य के 15 जिलों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब या उससे ऊपर पहुंच चुका है. मौसम का यह ड्यूल नेचर न केवल लोगों की दिनचर्या बदल रहा है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी चुनौतियां खड़ी कर रहा है.
फरवरी में ही गर्मी की दस्तक
इस बार बिहार का मौसम सामान्य पैटर्न से अलग नजर आ रहा है. फरवरी आमतौर पर हल्की ठंड और सुहाने मौसम के लिए जाना जाता है, लेकिन इस वर्ष तापमान लगातार ऊपर जा रहा है.
IMD के आंकड़ों के अनुसार छह जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री पार कर चुका है, जबकि 15 जिलों में पारा 29 डिग्री से 32 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि तापमान में यह वृद्धि धीमी जरूर है, लेकिन स्थिर रूप से जारी है और फरवरी के अंत तक यही ट्रेंड बना रह सकता है.
कैमूर बना सबसे गर्म जिला
राज्य में सबसे ज्यादा तापमान कैमूर में दर्ज किया जा रहा है. यहां कम नमी और साफ आसमान के कारण सूर्य की किरणें सीधे जमीन को गर्म कर रही हैं. मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक रहा.
खास बात यह है कि 8 फरवरी से अब तक राज्य का सर्वाधिक तापमान लगातार इसी जिले में दर्ज किया जा रहा है, जिससे यह पूरे महीने का सबसे गर्म जिला बन चुका है.
सुबह-शाम हल्की ठंड, दिन में गर्मी का एहसास
राजधानी समेत अधिकांश जिलों में मौसम का ड्यूल नेचर दिख रहा है. सुबह और देर रात हल्की ठंड का एहसास बना हुआ है, लेकिन दिन में तेज धूप से दोपहर में हल्की गर्मी महसूस होने लगी है.
रात का तापमान 10 डिग्री से 18.8 डिग्री के बीच बना हुआ है, जो यह संकेत दे रहा है कि सर्दी धीरे-धीरे विदा ले रही है. लोग अब भारी गर्म कपड़ों को समेटना शुरू कर चुके हैं.
साफ आसमान, बिना कोहरे की सुबह
बुधवार की सुबह भी साफ रही और कोहरा लगभग नदारद रहा. IMD के अनुसार दिन का तापमान 30 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि रात का तापमान 15 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है.
फिलहाल बारिश या घने कोहरे के आसार नहीं हैं और आने वाले दिनों में मौसम शुष्क और धूप वाला बना रह सकता है.
Also Read: बिहार की ‘पैड वाली मुखिया’ की कहानी, लॉकडाउन में शुरू की यूनिट, अब लाखों महिलाओं की हैं प्रेरणा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










