जदयू के प्रदेश अध्यक्ष फिर बने उमेश कुशवाहा, लगातार तीसरी बार संभालेंगे संगठन की कमान
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 06 Mar 2026 4:41 PM
उमेश कुशवाहा की फाइल फोटो
Bihar Politics: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में चल रहे संगठनात्मक चुनाव के बीच उमेश सिंह कुशवाहा को तीसरी बार बिहार प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है. उनके खिलाफ किसी अन्य नेता ने नामांकन नहीं किया, जिसके बाद उन्हें निर्विरोध इस पद के लिए चुन लिया गया.
Bihar Politics: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के संगठनात्मक चुनाव में उमेश सिंह कुशवाहा एक बार फिर बिहार प्रदेश अध्यक्ष चुने गए हैं. शुक्रवार को नामांकन के बाद उनके खिलाफ किसी अन्य नेता ने पर्चा दाखिल नहीं किया. इसके बाद उन्हें निर्विरोध तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया गया.
निर्विरोध चुने गए प्रदेश अध्यक्ष
जदयू के संगठनात्मक चुनाव के तहत शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हुई. उमेश सिंह कुशवाहा ने इस पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया. हालांकि, उनके सामने किसी अन्य नेता ने दावेदारी पेश नहीं की. ऐसे में उन्हें निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया गया. शाम करीब 4 बजे पार्टी की ओर से इसकी औपचारिक घोषणा कर दी गई.
पांच साल से संभाल रहे हैं संगठन की कमान
उमेश सिंह कुशवाहा पिछले करीब पांच साल से बिहार में जदयू संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी और भरोसेमंद नेताओं में गिना जाता है. साल 2021 में उन्हें पहली बार जदयू का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था. उस समय उन्होंने वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह की जगह ली थी. इसके बाद वे लगातार इस पद पर बने हुए हैं और अब तीसरी बार उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है.
‘लव-कुश’ समीकरण में अहम भूमिका
बिहार की राजनीति में जदयू का एक बड़ा आधार ‘लव-कुश’ यानी कुर्मी और कोइरी वोट बैंक माना जाता है. नीतीश कुमार कुर्मी समाज से आते हैं, जबकि उमेश सिंह कुशवाहा कोइरी समाज से संबंध रखते हैं. ऐसे में पार्टी के सामाजिक समीकरण को मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है. राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस समीकरण के कारण भी नीतीश कुमार का भरोसा उन पर बना हुआ है.
संगठन में मजबूत पकड़
उमेश कुशवाहा को जदयू संगठन की मजबूत कड़ी माना जाता है. वे लंबे समय से पार्टी के लिए जमीनी स्तर पर काम करते रहे हैं. उपेंद्र कुशवाहा जैसे बड़े कोइरी नेता के पार्टी छोड़ने के बाद भी उमेश कुशवाहा नीतीश कुमार के साथ मजबूती से खड़े रहे. इससे पार्टी नेतृत्व का भरोसा उन पर और बढ़ा.
महनार से दो बार विधायक
उमेश सिंह कुशवाहा वैशाली जिले के महनार विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं. वे 2015 और 2025 में यहां से चुनाव जीत चुके हैं. हालांकि 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. इसके बावजूद नीतीश कुमार ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी.
बदलते राजनीतिक माहौल में अहम फैसला
बिहार की राजनीति इस समय कई बदलावों के दौर से गुजर रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच जदयू संगठन को मजबूत रखना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. ऐसे में उमेश सिंह कुशवाहा को तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बनाना पार्टी की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. जदयू नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में संगठन को और मजबूत किया जा सकेगा.
Also Read: 50% आरक्षण से लेकर शराबबंदी तक: सीएम नीतीश के 10 क्रांतिकारी फैसले, जिसने बदली बिहार की सूरत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










