20 साल बाद 10 सर्कुलर रोड से विदा हो रहा लालू परिवार, अब 39 हार्डिंग रोड का बंगला बनेगा राजद का नया सेंटर
राबड़ी देवी
Rabri Devi: बिहार की सियासत का केंद्र रहा पटना का 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला अब लालू परिवार खाली कर रहा है. भवन निर्माण विभाग के चार नोटिस के बाद शुक्रवार से सीसीटीवी और सामान हटाने का काम शुरू हो गया. राबड़ी देवी अब 39 हार्डिंग रोड के नए बंगले में शिफ्ट होंगी.
Rabri Devi: बिहार की राजनीति का एक बहुत बड़ा और ऐतिहासिक अध्याय अब खत्म होने की कगार पर है. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के परिवार की पहचान बन चुका पटना का 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास खाली करने का काम काफी तेज हो गया है. शुक्रवार को इस बंगले के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे हटा दिए गए और घर का सामान भी धीरे-धीरे दूसरी जगहों पर भेजा जा रहा है.
20 वर्षों तक रहा बिहार की सियासत का पावर सेंटर
यह सरकारी बंगला पिछले लगभग दो दशकों 20 साल से राजद की सभी बड़ी राजनीतिक गतिविधियों का मुख्य केंद्र था. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी साल 2006 से इस घर में रह रही थीं. उन्हें यह बंगला पहले बिहार विधानसभा और बाद में बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष रहने के दौरान मिला था. पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव भी लंबे समय तक इसी घर में रहे. आरजेडी की तमाम रणनीतियां, चुनावी फैसले और बड़ी बैठकें इसी बंगले में हुईं.
अब सम्राट सरकार के इस मंत्री को मिला यह घर
राज्य सरकार ने अब 10 सर्कुलर रोड वाले इस हाई-प्रोफाइल बंगले को पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया है. वहीं दूसरी तरफ, राबड़ी देवी को बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते अब 39 हार्डिंग रोड वाला सरकारी आवास दिया गया है.
सरकार ने खारिज की अर्जी, 29 जून तक की है डेडलाइन
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राबड़ी देवी ने इसी 10 सर्कुलर रोड वाले बंगले में आगे भी रहने की इजाजत मांगी थी. भवन निर्माण विभाग ने उनकी इस मांग को स्वीकार नहीं किया. विभाग की तरफ से अब तक चार बार नोटिस जारी कर बंगला खाली करने के लिए कहा जा चुका है. इसके लिए आखिरी समय-सीमा 29 जून तय की गई है, जिसके बाद यह बंगला आधिकारिक तौर पर नए मंत्री को सौंप दिया जाएगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
नए घर में चल रहा है काम, निजी आवास की भी चर्चा
राबड़ी देवी को जो नया आवास मिला है, वहां फिलहाल मरम्मत और कुछ जरूरी बदलावों का काम चल रहा है. राबड़ी देवी की तरफ से घर के ढांचे में कुछ बदलाव करने की मांग की गई थी, जिसे विभाग पूरा करा रहा है. इसके साथ ही सियासी हलकों में यह चर्चा भी जोरों पर है कि आने वाले समय में लालू परिवार कौटिल्य नगर में बन रहे अपने निजी मकान में भी शिफ्ट हो सकता है.
इसे भी पढ़ें: बिहार को मोदी सरकार ने दिया 2900 करोड़ का तोहफा, जानिए कैसे खर्च होगा पैसा और क्या है 50-50 का फॉर्मूला?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Paritosh Shahi
परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










