पटना में दिन में छाया अंधेरा, तेज ठंडी हवाओं और झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना

Published by : Rajeev Kumar Updated At : 29 May 2026 8:37 AM

विज्ञापन

तेज हवा के साथ बारिश.

Patna News : बारिश और तेज ठंडी हवाओं के कारण कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार पटना सहित कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

विज्ञापन

Patna News : (अजीत कुमार) फुलवारी शरीफ, मौसम विज्ञान विभाग द्वारा लगातार जारी किए जा रहे अलर्ट के बीच शुक्रवार की सुबह पटना समेत फुलवारी शरीफ, दानापुर, खगौल, पटना सिटी और संपतचक में मौसम ने अचानक ऐसा करवट बदला कि दिन में ही रात जैसा नजारा दिखाई देने लगा. मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी की थी कि अगले कुछ घंटों में पटना सहित कई जिलों में तेज हवा, मेघ गर्जन और बारिश हो सकती है और सुबह होते-होते यह पूर्वानुमान बिल्कुल सही साबित हुआ.

सुबह 8:00 बजे वाहनों के हेडलाइट जलाकर चलने लगे

सुबह करीब 7:30 बजे से ही आसमान में काले बादल घिरने लगे और तेज रफ्तार से ठंडी हवाएं चलनी शुरू हो गईं. देखते ही देखते पूरा वातावरण अंधकार में डूब गया. सुबह 8:00 बजे ऐसा लग रहा था मानो रात हो गई हो. सड़क पर चल रहे वाहनों को हेडलाइट जलानी पड़ी. तेज हवाओं के कारण घरों की खिड़कियां और दरवाजे हिलने लगे. कुछ ही देर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई और पूरे इलाके में ठंडक फैल गई.

उमस भरी गर्मी से लोगों को मिली राहत

बारिश और तेज ठंडी हवाओं के कारण कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली. अचानक बदले मौसम से लोगों ने सुकून महसूस किया. सुबह-सुबह लोग अपने घरों की छतों और बालकनियों से मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए. बारिश के दौरान पूरा वातावरण ठंडा और सुहावना हो गया.

अगले कुछ घंटों में वज्रपात, तेज हवा के साथ बारिश की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र, अनिसाबाद पटना द्वारा जारी तात्कालिक मौसम चेतावनी में पटना समेत कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी की गई थी. विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक तेज हवा, वज्रपात और बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग ने लोगों से खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है. किसानों को भी खेतों में नहीं जाने और मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.

50 से 60 घंटे किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार पटना सहित कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. विभाग ने कहा है कि खराब मौसम को देखते हुए लोग सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें.

Also Read: दो अधिकारी भाइयों के घर में लाखों की चोरी, बेटी की शादी के लिए रखे गहने भी ले उड़े

विज्ञापन
Rajeev Kumar

लेखक के बारे में

By Rajeev Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन